Homeझाबुआकांग्रेस पिछड़ा वर्ग के लोगों को छलती रही,भाजपा ने शुरू किए विकास...

कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के लोगों को छलती रही,भाजपा ने शुरू किए विकास के प्रयास

@Voice  ऑफ  झाबुआ

देश की आजादी के बाद ही पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए काम करने की जरूरत थी, लेकिन कांग्रेस की सरकारों ने उनके लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस की सरकारें काका कालेलकर समिति रिपोर्ट को भी दबाकर बैठी रहीं। बाद में आई कांग्रेस की सरकारें भी पिछड़ा वर्ग के लोगों को छलती रहीं। देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद पिछड़ा वर्ग के लोगों के विकास के प्रयास शुरू हुए, योजनाएं लागू की गईं। लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल आज भी पिछड़ा वर्ग के लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण ने मोर्चा के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कही। स्वागत भाषण मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायणसिंह कुशवाह ने दिया।

देश के 70 फीसदी भूभाग पर स्वच्छ प्रशासन दे रही भाजपाः विष्णुदत्त शर्मा

प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन होने के नाते आज पूरी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। प्रत्येक कार्यकर्ता को गर्व होना चाहिए कि आज भारत के 70 प्रतिशत भू भाग पर भाजपा स्वच्छ प्रशासन दे रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में धारा 370 और दो विधान, दो निशान, दो प्रधान वाली व्यवस्था का विरोध किया। 1951 में उन्होंने जनसंघ की स्थापना की और कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति के लिए अपना बलिदान दे दिया। ऐसे समय में जबकि दुनिया में पूंजीवाद और साम्यवाद असफल हो रहे थे, हमारे नेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने एकात्म मानव दर्शन दिया। अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए अंत्योदय की अवधारणा दी। 1980 में स्व. अटलजी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई। उस समय हमारे लोकसभा में दो ही सदस्य थे, लेकिन हमारे विचार और कार्यकर्ताओं की बदौलत आज हमारी पूर्ण बहुमत वाली सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करके डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया और अंत्योदय के लिए हमारी सरकारें योजनाएं चला रही हैं।
कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग के लोगों को छला
शर्मा ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूलमंत्र तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के विकास और भाग्य बदलने का काम कर रही है। हर गरीब को खड़ा करने का काम भाजपा करती है। शर्मा ने कहा कि हमारी केन्द्र और राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग के हित में कार्य कर रही है। कांग्रेस ने इस वर्ग को हमेशा छलने का काम किया। जबकि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग बनाकर समाज के उत्थान का मार्ग प्रशस्त किया। कांग्रेस ने समाज को जोड़ने के बजाए सामाजिक विद्वेष बढ़ाने का काम किया। पिछड़ा वर्ग हितैषी होने का ढोंग करने वाली कांग्रेस ने चुनाव में पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने का काम किया। भारतीय जनता पार्टी ने बिना पिछड़ा वर्ग आरक्षण के चुनाव नहीं किए जाने का पक्ष लिया और दृढ़ता के साथ न्यायालय में भी पिछड़ा वर्ग के हक में लड़ाई लड़ी ।

कांग्रेस की सरकार ने 17 सालों तक दबाए रखी कालेलकर समिति की रिपोर्टः डॉ. के लक्ष्मण

पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण ने द्वितीय सत्र में ‘हमारी कार्यपद्धति और संगठन संरचना में हमारी भूमिका’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद डॉ.अंबेडकर जी ने पिछड़ा वर्ग हित को लेकर सुझाव दिये, लेकिन उन पर अमल नहीं हुआ। काका कालेलकर कमीशन की रिपोर्ट को 17 साल तक प्रधानमंत्री नेहरू ने तवज्जो नहीं दी। 1978 में जब स्व. मोरारजी देसाई की सरकार बनी और स्व. वाजपेई जी तथा आडवाणी जी मंत्रिमंडल में शामिल हुए, तब पिछड़ा वर्ग के लोगों के लिए मंडल कमीशन का गठन हुआ, लेकिन 1980 से 1993 तक ग़ैर भाजपा सरकारों ने इसके बारे में कोई पहल नहीं की। जब भाजपा के समर्थन वाली बीपी सिंह सरकार ने मंडल आयोग पर बातचीत शुरू की, तो स्व. राजीव गांधी ने ऑन रिकॉर्ड जाति आधारित आरक्षण का विरोध किया था। 2004 से 2014 तक यूपीये गवर्नमेंट ने भी कुछ नहीं किया।

मोदी सरकार ने शुरू किए पिछड़ा वर्ग की बेहतरी के प्रयास

डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार बनने के बाद पिछड़ा वर्ग की बेहतरी के प्रयास शुरू किए गए। एससी आयोग की तरह ओबीसी आयोग का गठन किया गया, जिसका सपा और बसपा जैसी पार्टियां जो पिछड़ा वर्ग के नाम पर अपने संगठन को खड़ा करती हैं, ने विरोध किया। पिछड़ा वर्ग के लिए 27þ आरक्षण प्रभावशील हुआ। ओबीसी के लगभग 4000 प्रोफेसर और असिस्टेंट ऑफिसर अभी तक बन चुके हैं। डॉ. लक्ष्मण ने कहा कि हमारे तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी ने 2015 में पहली बार पिछड़ा वर्ग मोर्चा का गठन किया। मुझे इस बात पर गर्व है कि अब तक 30 राज्यों के 856 जिलों तथा 12000 मंडलों में ओबीसी मोर्चा का गठन किया जा चुका है। हमारा अगला लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक मोर्चा का गठन करना है। आज पार्टी संगठन तथा केंद्र एवं राज्य सरकारों में पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता विभिन्न पदों पर काम कर रहे हैं। जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां भी पिछड़ा वर्ग मोर्चा को पर्याप्त महत्व दिया जा रहा है। गुजरात की 182 सीटों में से 45 पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

जन-जन तक पहुंचाएं पिछड़ा वर्ग के हित में भाजपा सरकारों के कामः कुशवाहा

स्वागत उद्बोधन देते हुए पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नारायणसिंह कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेसी हम से पूछते हैं कि हमारी सरकारों ने पिछड़ा वर्ग के लिए क्या किया? लेकिन मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या कभी कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग के किसी नेता को कभी मुख्यमंत्री बनाया था? कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने काका कालेलकर समिति की रिपोर्ट पर भी कोई कार्रवाई नहीं की। लेकिन भाजपा की सरकार में पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता तीन बार मुख्यमंत्री बने हैं और हमारे वर्तमान मुख्यमंत्री भी पिछड़ा वर्ग से ही हैं। हमारे प्रधानमंत्री भी पिछड़ा वर्ग से आते हैं। कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकारों ने पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए अनेक कदम उठाए हैं। हर वर्ष हमारी प्रदेश सरकार पिछड़ा वर्ग के 50 छात्र छात्राओं को विदेश में पढ़ने के लिए भी भेजती है। हमें यह अध्ययन करना चाहिए कि हमारी सरकारें पिछड़ा वर्ग के हितों के लिए कौन-कौन सी योजनाएं चला रही हैं। हमारा यह दायित्व बनता है कि हम प्रत्येक पात्र व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ दिलाएं और इन योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाएं। कुशवाहा ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी हैं। हमें संगठन के लक्ष्यों के लिए कटिबद्ध होकर काम करना है।उद्घाटन एवं द्वितीय सत्र के दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद संगमलाल गुप्ता, मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदूलाल साहू, मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, सांसद सुश्री कविता पाटीदार, मोर्चा के प्रदेश सह प्रभारी देवनारायण प्रजापति मंचासीन रहे। द्वितीय सत्र की अध्यक्षता मोर्चा के महामंत्री संजय राय ने की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!