Homeझाबुआबेटे की आत्महत्या को दुर्घटना बताने के लिए पिता ने कुएं में...

बेटे की आत्महत्या को दुर्घटना बताने के लिए पिता ने कुएं में फेंका शव, पुलिस जांच में खुला राज शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से रची झूठी कहानी, खुद ही पुलिस को दी गुमराह करने वाली सूचना; पिता के खिलाफ धारा 212 बीएनएस के तहत कार्रवाई

बेटे की आत्महत्या को दुर्घटना बताने के लिए पिता ने कुएं में फेंका शव, पुलिस जांच में खुला राज

 

शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से रची झूठी कहानी, खुद ही पुलिस को दी गुमराह करने वाली सूचना; पिता के खिलाफ धारा 212 बीएनएस के तहत कार्रवाई

 

झाबुआ। जिले के काकनवानी थाना क्षेत्र में एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटे की आत्महत्या के बाद पिता ने ही उसके शव को कुएं में फेंक दिया और पूरी घटना को कुएं में डूबने की दुर्घटना बताने की कहानी गढ़ दी। बताया गया कि शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के उद्देश्य से पिता ने आत्महत्या की वास्तविकता छिपाकर ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की मर्ग जांच में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों से पूरा घटनाक्रम उजागर हो गया।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 अक्टूबर 2026 को चौकी परवलिया, थाना काकनवानी पर ग्राम खांदन निवासी भुन्डा पिता सडिया सिंगाडिया (55) ने अपने पुत्र बबलू सिंगाडिया (29) की कुएं में मृत अवस्था में मिलने की सूचना दी थी। पिता ने पुलिस को बताया था कि उसका पुत्र 9 अक्टूबर को गुजरात के भावनगर से घर आया था। शाम को जब वह घर लौटा तो बेटा नहीं मिला। अगले दिन सुबह घर के पास स्थित कुएं में उसकी चप्पल दिखाई दी। तलाश करने पर बेटे का शव कुएं के पानी में मिला।

 

सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 57/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें चिकित्सक ने मृत्यु का कारण फांसी लगाना बताया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों के बयान लिए, जिनमें सामने आया कि घटना वाले दिन मृतक शराब पीकर घर आया था। पत्नी से विवाद होने के बाद वह ऊपर के कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। बाद में उसने कमरे में नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

 

आत्महत्या के बाद पिता ने कुएं में डाला शव

 

मर्ग जांच में सामने आया कि बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद पिता भुन्डा सिंगाडिया ने उसका शव कंधे पर उठाया और रात में घर के पास स्थित कुएं में डाल दिया। इसके बाद सुबह कुएं में शव मिलने की कहानी सुनाकर उसने आत्महत्या की वास्तविक घटना को छिपाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, पिता ने स्वयं पुलिस को सूचना देकर घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की, ताकि ग्रामीणों और पुलिस के सामने बेटे की मौत कुएं में डूबने से होना प्रतीत हो।

 

पोस्टमार्टम और बयानों ने खोली झूठी कहानी

 

पुलिस की जांच में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के कथनों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पिता की ओर से दी गई सूचना झूठी साबित हुई। इसके बाद पुलिस ने मिथ्या साक्ष्य देने के मामले में भुन्डा पिता सडिया सिंगाडिया, निवासी ग्राम खांदन के विरुद्ध थाना काकनवानी में धारा 212 बीएनएस के तहत इस्तगासा तैयार किया।

 

झाबुआ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अप्राकृतिक मृत्यु, दुर्घटना अथवा संदिग्ध घटना की वास्तविक जानकारी पुलिस को दें। शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए गलत जानकारी देना या मिथ्या साक्ष्य प्रस्तुत करना कानूनन अपराध है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!