Homeझाबुआपिटोलछह साल की स्तुति बनी नन्ही दुकानदार, बोली- आज पता चला दुकान...

छह साल की स्तुति बनी नन्ही दुकानदार, बोली- आज पता चला दुकान कैसे चलाते हैं

बाल दिवस पर प्रेमाशिष विद्यालय में बच्चों ने लगाया अपना बाजार, मसालेदार चने से लेकर पानी-पुरी तक के सजे स्टॉल; खिलौनों और रिंग फेंककर इनाम जीतने का भी रहा आकर्षण

विनय पंचाल, पिटोल।

पॉपकॉर्न का स्टॉल लगाए पहली कक्षा में पढ़ने वाली छह वर्षीय स्तुति बड़े उत्साह से अपनी दुकान संभाल रही थी। जब उससे पूछा गया कि आज दुकान लगाकर कैसा लगा तो उसने मासूमियत से बताया कि आज उसे पता चला कि दुकान किस तरह चलाई जाती है। ग्राहकों को सामान देना और पैसों का लेन-देन करना भी उसने आज सीखा। स्तुति की यह छोटी-सी बात बाल दिवस पर आयोजित इस अनूठे आयोजन की खासियत बयां कर रही थी।

दरअसल, 14 नवंबर बाल दिवस के अवसर पर पिटोल के प्रेमाशिष विद्यालय में बच्चों ने कुछ अलग अंदाज में दिन मनाया। विद्यालय परिसर में पहली कक्षा से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी दुकानें सजाईं और खुद दुकानदार बनकर सामान बेचा।

बच्चों के लगाए स्टॉल पर घर में तैयार किए गए मसालेदार चने, सेकी हुई मूंगफली और पॉपकॉर्न से लेकर सैंडविच, पानी-पुरी, गोटा, भजिये और नमकीन छाछ तक उपलब्ध रहे। इसके अलावा खिलौनों के स्टॉल भी लगाए गए। वहीं रिंग फेंककर निशाने पर इनाम जीतने का खेल भी बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहा। कोई दुकान पर सामान बेचने में व्यस्त था तो कोई अपने दोस्तों के साथ खरीदारी और खेल का आनंद ले रहा था। विद्यालय परिसर में पूरे समय चहल-पहल बनी रही।

इस आयोजन की खास बात सिर्फ दुकान लगाना और सामान बेचना ही नहीं रहा, बल्कि बच्चों ने एक-दूसरे का सहयोग करना भी सीखा। किसी बच्चे के पास सामान अधिक होने पर उसने दूसरे बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए अपना सामान थोक भाव में भी बेच दिया। बच्चों ने एक-दूसरे की दुकानों से खरीदारी कर आपसी सहयोग और व्यापार की समझ का परिचय दिया। इस तरह छोटे-छोटे दुकानदारों ने मिलकर अपने बाजार को आगे बढ़ाया।

दुकानदारी के दौरान बच्चों ने सामान की कीमत बताने, पैसे लेने, बाकी राशि लौटाने और बिक्री का हिसाब रखने का अनुभव लिया। कक्षा में जोड़-घटाव सीखने वाले बच्चों ने उसका इस्तेमाल अपनी दुकानों पर किया। इस तरह पढ़ाई में सीखी गई बातें उन्हें वास्तविक जीवन में समझने का मौका मिला।

आयोजन की एक और अच्छी बात तब देखने को मिली, जब दुकानदारी और खेलकूद के बाद बच्चों ने पूरे परिसर की सफाई भी खुद सामूहिक रूप से की। सभी बच्चों ने मिलकर अपने स्टॉल हटाए और आसपास बिखरे कचरे को समेटकर जगह को साफ-सुथरा किया। यानी बच्चों ने दुकान लगाने और व्यापार करने के साथ यह भी सीखा कि जिस जगह का उपयोग करें, उसकी साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी हमारी ही होती है।

बाल दिवस के अवसर पर पिटोल नगर के अन्य विद्यालयों में भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं तो कहीं चित्रकला और निबंध लेखन के आयोजन रखे गए। बच्चों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई।

विद्यालय प्रबंधन का दायित्व संभाल रहे जयदीप सिंह ठाकुर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन की जानकारी देना है। ऐसी गतिविधियों से बच्चों को पैसों का लेन-देन, हिसाब-किताब रखने, ग्राहकों से बातचीत करने और जिम्मेदारी निभाने का अनुभव मिलता है। इस तरह के आयोजन से बच्चे खेल-खेल में कई ऐसी बातें सीखते हैं, जो आगे चलकर उनके जीवन में काम आती हैं!

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!