

विनय पंचाल पिटोल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिटोल में आयोजित रक्तदान शिविर में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में कुल 42 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान शिविर की खास बात यह रही कि इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ निजी चिकित्सकों, स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने भी आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। अलग-अलग वर्गों की भागीदारी ने आयोजन को केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम न बनाकर सामाजिक सहयोग और जनसेवा का अभियान बना दिया।
शिविर में डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर की उपस्थिति के साथ स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम. एल. चोपड़ा, डॉ. जितिन भार्गव (DHO-1), डॉ. हेमेन्द्र देवड़ा (DHO-3), डॉ. सुमित डामोर (DHO-2) तथा डॉ. विजेन्द्र मेरावत, मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज पिटोल सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
आयोजन को सफल बनाने में समस्त लैब तकनीशियन स्टाफ और नर्सिंग स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रक्तदाताओं के पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण तथा रक्त संग्रह की व्यवस्थाएं व्यवस्थित रूप से संपन्न की गईं।
42 यूनिट रक्तदान के साथ पिटोल का यह शिविर सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य को सार्थक करते हुए जनभागीदारी और मानव सेवा की प्रेरक मिसाल बना। रक्तदाताओं ने अपने योगदान से यह संदेश दिया कि रक्तदान की एक छोटी-सी पहल भी किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की बड़ी उम्मीद बन सकती है।