Homeझाबुआपिटोलपिटोल में जन-विश्वास शिविर, जिले को छह नए सांदीपनि विद्यालयों की सौगात...

पिटोल में जन-विश्वास शिविर, जिले को छह नए सांदीपनि विद्यालयों की सौगात प्रभारी मंत्री विजय शाह और मंत्री निर्मला भूरिया हुए शामिल, 24 विभागों के काउंटरों पर लिए आवेदन, हितग्राहियों को मिले लाखों के हितलाभ

विनय पंचाल, पिटोल। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पिटोल खेल मैदान पर जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने झाबुआ जिले के छह विकासखंडों में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से छह नए सांदीपनि विद्यालय बनाने की घोषणा की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे। शिविर में 24 शासकीय विभागों के काउंटर लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और योजनाओं से जुड़े आवेदन दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन से हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। शिविर में पहले ग्रामीणों के आवेदन लिए गए, फिर विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चेक, ऋण स्वीकृति पत्र और अन्य लाभ प्रदान किए गए।

प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के जरिए सरकार और प्रशासन खुद लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। इससे ग्रामीणों की समस्याएं सामने आने के साथ उनका समाधान भी समय पर हो सकेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

उन्होंने दिव्यांगजनों की परेशानी को देखते हुए हर शुक्रवार को विकासखंड मुख्यालयों पर दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की सुविधा जरूरतमंदों तक पहुंचाने, आधार अपडेट और समग्र ई-केवाईसी की व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने तथा आंगनवाड़ी और मातृ वंदना योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश भी दिए।

शिक्षा को लेकर मंत्री शाह ने बताया कि जिले में फिलहाल सात सांदीपनि विद्यालय संचालित हैं। छह नए विद्यालय बनने से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने जरूरत के अनुसार अन्य विद्यालयों के प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए नई बस व्यवस्था, बसों में सीसीटीवी कैमरे और सात साल के अनुबंध की प्रस्तावित योजना की जानकारी दी। बस संचालन में स्थानीय जनजातीय युवाओं को प्राथमिकता देने, ऋण सुविधा उपलब्ध कराने और महिलाओं को भी ड्राइविंग प्रशिक्षण से जोड़ने की बात कही।

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जन-विश्वास अभियान से दूरदराज के गांवों के लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ रहा है। अधिकारी उनके क्षेत्र में पहुंचकर समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने कम वर्षा को देखते हुए पानी बचाने, जल चौपाल आयोजित करने और किसानों को कम पानी में होने वाली फसलों के प्रति जागरूक करने की बात कही।

इसी दौरान पिटोल ग्राम पंचायत एवं स्थानीय नागरिकों ने गांव की पेयजल और घरेलू उपयोग के पानी की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। ग्रामीणों ने बताया कि पुरानी नल-जल योजना से नियमित पानी नहीं मिलने के कारण लंबे समय से परेशानी बनी हुई है। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार कर स्थायी समाधान का अनुरोध किया। अधिकारियों ने इस विषय में जल्द आवश्यक कार्यवाही कर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया।

भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन-विश्वास अभियान का महत्व बताया। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि अभियान के जरिए ऐसे पात्र लोगों तक भी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है, जो अब तक इनसे वंचित थे। पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने जनजातीय समाज के विकास के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि पूर्व विधायक कलसिंह भाबर ने स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राहियों को आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने बताया कि जिले में जन-विश्वास अभियान के तहत कुल 21 शिविर आयोजित होने हैं, जिनमें से अब तक 10 शिविर हो चुके हैं। अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की संख्या करीब 8,400 से घटकर 1,400 रह गई है। लोक सेवा गारंटी के लगभग दस हजार आवेदनों के निराकरण में जिले ने 98 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है और प्रदेश में दसवें स्थान पर है। जिले की 262 ग्राम पंचायतों में अधिकारियों ने भ्रमण किया है। वहीं 35 से अधिक संवाद कार्यक्रम हुए हैं और जल संरक्षण के लिए 15 ग्राम पंचायतों में जल चौपाल लगाने की योजना है।

शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के चार स्व-सहायता समूहों को कुल 33 लाख रुपये के डेमो चेक दिए गए। पीएम-एफएमई योजना में तेजस गुप्ता को मसाला उद्योग के लिए 22 लाख रुपये, राधु सिंगाड़िया को फ्लोर मिल के लिए 2 लाख 51 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में संस्कार बड़दवाल को होटल व्यवसाय के लिए 7 लाख 50 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए। नरसिंह बवेरिया को लोडिंग वाहन के लिए 8 लाख 90 हजार रुपये की सहायता से संबंधित प्रतीकात्मक चाबी दी गई। इसके अलावा बकरी पालन, किराना व्यवसाय और अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी सहायता से जुड़े चेक एवं ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। स्वामित्व योजना के दस्तावेज और दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर, पूर्व विधायक कलसिंह भाबर, विजय भाबोर, जगदीश बड़दवाल, पिटोल मंडल अध्यक्ष दिनेश मेवाड, पिटोल सरपंच रेशमा मकनसिंह गुंडीया सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!