

विनय पंचाल पिटोल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा रविवार को पिटोल पहुंची। प्रधानमंत्री मोदी की जन्मस्थली वडनगर से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी की ओर जा रही यात्रा में शामिल करीब 35 बाइकर्स का गुजरात-मध्यप्रदेश सीमा पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश की मंत्री निर्मला भूरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रकाश परमार, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दौलत भावसार सहित जिले के अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पिटोल में स्वागत के बाद यात्रा क्षेत्र के कालाखूंट गांव स्थित मोदी फलिया पहुंची। यहां ग्रामीणों के बीच पारंपरिक तरीके से खाटला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। यात्रा में शामिल सदस्यों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और उनसे पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं।
इस दौरान गांव की मीराबाई ने यात्रियों को बताया कि पहले उनका मकान कच्चा था। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद उनका पक्का मकान बन सका। अन्य ग्रामीणों ने भी सरकारी योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव यात्रा में शामिल लोगों के साथ साझा किए।
यात्रा के स्वागत में स्थानीय संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। ग्रामीणों ने यात्रियों को स्थानीय भुट्टे और ककड़ी का स्वाद चखाया। वहीं पारंपरिक ढोल की थाप पर टीमली नृत्य हुआ, जिसमें यात्रा में शामिल युवाओं ने भी ग्रामीणों के साथ नृत्य किया।
खाटला बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया सहित मंडल अध्यक्ष दिनेश मेवाड ने मोदी फलिया के नामकरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आवास योजना के माध्यम से यहां बड़ी संख्या में कच्चे मकानों के स्थान पर पक्के मकानों का निर्माण हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर इस फलिया का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर ‘मोदी फलिया’ रखने का निर्णय लिया।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से पात्र योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
यात्रा के प्रभारी और वलसाड निवासी ध्रुव भाई ने बताया कि यह यात्रा करीब 3 हजार किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा मुख्य मार्गों के साथ रास्ते में आने वाले गांवों और फलियों तक भी पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत कुल 20 टोलियां निकाली गई हैं। इनमें 10 टोलियां गुजरात से वाराणसी और 10 टोलियां वाराणसी से गुजरात की ओर यात्रा कर रही हैं। प्रत्येक टोली रास्ते में आने वाले गांवों में लोगों से संवाद कर सरकारी योजनाओं की जानकारी लेगी और लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेगी।
यात्रा के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण और वृक्षारोपण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। पिटोल और मोदी फलिया में कार्यक्रम के बाद यात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई।