Homeझाबुआप्रदेश अध्यक्ष जी, झाबुआ में स्वागत है… लेकिन जरा जमीनी हकीकत भी...

प्रदेश अध्यक्ष जी, झाबुआ में स्वागत है… लेकिन जरा जमीनी हकीकत भी सुनिए! चापलूसों के घेरे से निकलकर कार्यकर्ताओं के बीच जाइए, तभी पता चलेगा संगठन में क्या चल रहा है! पंचायत से विधानसभा तक चुनावी इम्तिहान; कार्यकर्ताओं की नाराजगी, संगठन की कार्यप्रणाली और टिकट वितरण पर उठ रहे सवाल

झाबुआ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जी, झाबुआ की धरती पर आपका स्वागत-अभिनंदन है। आप आ रहे हैं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मिलेंगे, संगठन की मजबूती पर चर्चा करेंगे। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष जी, एक बात गांठ बांध लीजिए—संगठन की असली तस्वीर मंच पर बैठने वालों से नहीं, मैदान में पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं से सामने आती है। इसलिए चापलूसों की वाहवाही सुनने के बजाय उन कार्यकर्ताओं की दो टूक भी सुनिएगा, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में पार्टी का झंडा थामे रखा है।

झाबुआ में भाजपा की जमीनी राजनीति को लेकर सवाल कम नहीं हैं। आरोप है कि जिन कार्यकर्ताओं ने संघर्ष के दिनों में पार्टी की जड़ें मजबूत कीं, आज वही उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं। कभी पार्टी के लिए घर-घर जाने वाले कार्यकर्ता अब अपने ही कामों के लिए नेताओं और पदाधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं—ऐसी शिकायतें संगठन के भीतर असंतोष की ओर इशारा करती हैं। सवाल सीधा है: जब कार्यकर्ता ही किनारे कर दिया जाएगा, तो संगठन की ताकत आखिर बचेगी किसके भरोसे?

सत्ता का सुख पदाधिकारियों को, परेशानी कार्यकर्ताओं के हिस्से?

शहर से लेकर गांवों तक संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी की बातें सामने आ रही हैं। कार्यकर्ताओं की शिकायत है कि छोटे-छोटे कामों के लिए भी उन्हें सुनवाई नहीं मिलती। जिन लोगों को संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच सेतु बनना चाहिए, उनकी भूमिका पर ही सवाल उठने लगे हैं।

वार्ड क्रमांक-6 के उपचुनाव में मिली हार को भी कुछ लोग कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से जोड़कर देख रहे हैं। यह परिणाम संगठन के लिए आत्ममंथन का विषय होना चाहिए। आखिर ऐसा क्या हुआ कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच अपेक्षित तालमेल नहीं बना पाई? क्या स्थानीय स्तर पर नाराजगी को समय रहते समझने की कोशिश हुई? या फिर सब कुछ ठीक होने की रिपोर्टों के बीच जमीनी शिकायतें दबती रहीं?

प्रदेश अध्यक्ष जी, चुनावी नतीजों के बाद समीक्षा की औपचारिकता नहीं, उससे पहले संगठन की वास्तविक स्थिति जानने की जरूरत है।

पंचायत चुनाव की चौखट पर सवालों का पहाड़

पंचायत चुनाव सामने हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की परीक्षा भी यहीं होगी। लेकिन पंचायतों में विकास कार्यों के लिए राशि की उपलब्धता और कामकाज को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कुछ पंचायत पदाधिकारियों पर कमीशन मांगने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषी पाए जाने वालों की जवाबदेही तय हो।

सवाल यह भी है कि गांवों में पार्टी का संदेश लेकर जाने वाला कार्यकर्ता जनता के सामने क्या जवाब देगा, जब स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर ही शिकायतें हों? चुनाव के वक्त केवल बैठकें, नारे और प्रचार अभियान काफी नहीं होते। जनता रोजमर्रा के कामकाज और अपनी समस्याओं के समाधान के आधार पर भी सवाल पूछती है।

गांवों में नाराजगी की शिकायतों को नजरअंदाज करना संगठन के लिए महंगा पड़ सकता है।

नगर पालिका में नाराजगी, जवाब कौन देगा?

पंचायत चुनाव के बाद नगर पालिका चुनाव की चुनौती भी सामने होगी। झाबुआ शहर में नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष की बातें उठ रही हैं। व्यापारी वर्ग की नाराजगी की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष जी, संगठन को यह जानना होगा कि नगर के लोगों की समस्याएं क्या हैं, उनकी सुनवाई कहां अटक रही है और जिम्मेदार स्तर पर समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है।

यदि नागरिकों की शिकायतों पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो चुनाव के दौरान इन सवालों का सामना स्थानीय नेतृत्व और संगठन—दोनों को करना पड़ेगा। सिर्फ यह मान लेना कि पार्टी का परंपरागत समर्थक हर परिस्थिति में साथ खड़ा रहेगा, संगठन के लिए उचित रणनीति नहीं हो सकती।

विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से क्यों नहीं?

झाबुआ और थांदला विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति को लेकर भी अभी से गंभीर समीक्षा की जरूरत है। चुनाव के ऐन वक्त पर सक्रियता दिखाने से बेहतर है कि संगठन आज ही कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुने, स्थानीय नेतृत्व की जवाबदेही तय करे और जनता के बीच पार्टी की गतिविधियों का आकलन करे।

जिले में संगठन के पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कार्यकर्ताओं के बीच बदलाव और कामकाज की समीक्षा की मांग सुनाई दे रही है। आखिर संगठन में पद जिम्मेदारी निभाने के लिए दिए जाते हैं या केवल पद की पहचान बनाए रखने के लिए? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि संगठन की मजबूती पदाधिकारियों की संख्या से नहीं, उनके काम और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद से तय होती है।

प्रदेश अध्यक्ष जी, जरूरत पड़े तो संगठनात्मक स्तर पर समीक्षा कीजिए। जहां कमियां सामने आएं, वहां सुधार कीजिए। लेकिन समीक्षा केवल कागजों और बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उसकी शुरुआत उन कार्यकर्ताओं की बात सुनने से होनी चाहिए, जो लंबे समय से अपनी शिकायतें लेकर घूम रहे हैं।

टिकट वितरण में चूक हुई तो उठेंगे और बड़े सवाल

आने वाले चुनावों में टिकट वितरण भी संगठन के सामने बड़ी चुनौती होगा। उम्मीदवार तय करते समय केवल सिफारिश, गुटबाजी या व्यक्तिगत समीकरणों को महत्व देने के बजाय जनस्वीकार्यता, क्षेत्र में सक्रियता, कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल और पिछले कामकाज की निष्पक्ष समीक्षा जरूरी है।

किसी उम्मीदवार को टिकट देने से पहले यह भी देखना होगा कि स्थानीय कार्यकर्ता उसके साथ खड़े हैं या नहीं, जनता के बीच उसकी छवि कैसी है और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उसका रिकॉर्ड क्या कहता है। टिकट वितरण में पारदर्शिता और संवाद से ही असंतोष को कम करने की गुंजाइश बनती है।

झाबुआ जिला आदिवासी बहुल है। यहां की राजनीतिक परिस्थितियों, स्थानीय मुद्दों और सामाजिक समीकरणों को समझे बिना कोई भी चुनावी रणनीति अधूरी रहेगी। जिले में पार्टी ने जो राजनीतिक आधार बनाया है, उसकी मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का सम्मान और जनता के सवालों का समाधान दोनों जरूरी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष जी, एक बार बंद कमरे से बाहर निकलकर भी देखिए!

झाबुआ आगमन के दौरान केवल निर्धारित कार्यक्रमों, स्वागत समारोहों और चुनिंदा पदाधिकारियों तक सीमित मत रहिएगा। ऐसे कार्यकर्ताओं से भी मिलिए, जिनके पास न बड़ा पद है, न मंच तक पहुंच; लेकिन जिन्होंने पार्टी के लिए कठिन समय में भी काम किया है। उनकी बात बिना किसी दबाव के सुनिए। स्थानीय शिकायतों की स्वतंत्र समीक्षा कराइए और जो बातें सही पाई जाएं, उन पर कार्रवाई भी सुनिश्चित कीजिए।

क्योंकि मंच से संगठन मजबूत दिखाई दे सकता है, लेकिन उसकी असली मजबूती बूथ और गांव में पता चलती है। यदि कार्यकर्ता संतुष्ट है, उसकी सुनवाई होती है और उसे सम्मान मिलता है, तो संगठन में संवाद की जमीन मजबूत होती है। यदि वही कार्यकर्ता उपेक्षित महसूस करता है, तो उसकी शिकायतों को महज व्यक्तिगत नाराजगी कहकर टालना समस्या का समाधान नहीं है।

प्रदेश अध्यक्ष जी, झाबुआ में आपका स्वागत है। लेकिन इस दौरे का उद्देश्य केवल स्वागत-सत्कार और औपचारिक मुलाकातें न बन जाए। जिले की वास्तविक स्थिति जानने, शिकायतों की पड़ताल करने और संगठन में जवाबदेही तय करने का अवसर भी बनाइए।

आखिर कब तक जमीनी कार्यकर्ता उपेक्षा की शिकायत लेकर भटकता रहेगा? कब संगठन उसकी सुनेगा? और कब पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा होगी?

इन सवालों के जवाब मंच की तालियों में नहीं, जमीनी कार्यकर्ताओं की बेबाक बातचीत में मिलेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!