आलीराजपुर ब्यूरो चीज
भोपाल/जोबट
मध्यप्रदेश विधानसभा में विभिन्न स्थायी समितियों के गठन के अंतर्गत जोबट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सेना महेश पटेल को महिला एवं बाल विकास समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के मिलने से पूरे जोबट क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने इसे क्षेत्र के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया है। महिला एवं बाल विकास समिति राज्य की महिलाओं और बच्चों से जुड़े मुद्दों पर काम करने वाली एक महत्वपूर्ण समिति है, जो पोषण, शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करती है। ऐसे में समिति में सेना महेश पटेल की भागीदारी को प्रदेश और विशेष रूप से आदिवासी अंचल के विकास के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनके समग्र विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जोबट सहित प्रदेशभर की माताओं-बहनों और बच्चों की समस्याओं को वे मजबूती से सदन और समिति के समक्ष रखेंगी, ताकि उनके जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाया जा सके स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने इस नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सेना महेश पटेल के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास से जुड़े मुद्दों को नई दिशा और गति मिलेगी, जिससे समाज के कमजोर वर्गों को विशेष लाभ पहुंचेगा।