राजगढ़:- (योगेश गवरी) मालवा के प्रसिद्ध श्री नृसिंह मंदिर तीर्थ में प्रस्तावित प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इसी कड़ी में 27 फरवरी को सुबह साढ़े दस बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में महोत्सव की तिथि, मुहूर्त और विभिन्न धार्मिक आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक मंदिर ट्रस्ट संयोजक राजवर्धन सिंह जी दत्तीगांव एवं अध्यक्ष हर्षवर्धनसिंह जी दत्तीगांव के मार्ग दर्शन में होगी ट्रस्ट उपाध्यक्ष डॉ. बलबहादुरसिंह छड़ावद ने बताया कि श्री नृसिंह भगवान का यह तीर्थ क्षेत्र जन-जन की आस्था का केंद्र है और आगामी प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में आयोजन को सुव्यवस्थित और व्यापक बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। ट्रस्ट सचिव शांतिलाल पाटीदार एवं ट्रस्टी पुनमचंद पटेल ने जानकारी दी कि बैठक में प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभ मुहूर्त, हवन कुंड की संख्या, मंदिर परिसर में चल रहे शेष निर्माण कार्य और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत श्री नृसिंह मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा, स्वर्ण कलश स्थापना और ध्वजा फहराने जैसे प्रमुख धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इसके साथ ही मंदिर परिसर स्थित महादेव मंदिर एवं श्री माही माता मंदिर की भी विधिवत प्रतिष्ठा की जाएगी। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने क्षेत्र के समाजजनों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में उपस्थित होकर सुझाव देने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सके