सुनील तोमर अलीराजपुर संवाददाता
अलीराजपुर, जोबट, कुक्षी और गंधवानी विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों, सरपंचों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक पटेल फार्म हाउस, बोरखड़ में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 12 नवंबर को जोबट–कुक्षी–गंधवानी सीमा क्षेत्र के ग्राम डावड़ी में एक बड़े जनआंदोलन के आयोजन का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार, एवं पूर्व मंत्री व कुक्षी विधायक श्री सुरेंद्र सिंह बघेल (हनी) सहित क्षेत्र के कई आदिवासी विधायक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने की तथा जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल के नेतृत्व में आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।

नेताओं के वक्तव्य महेश पटेल ने कहा — “आदिवासियों की ज़मीन सिर्फ़ उनकी रोज़ी-रोटी नहीं, बल्कि उनकी अस्मिता है सरकार निजी कंपनियों के दबाव में हमारे समाज की ज़मीन छीनना चाहती है — हम यह अन्याय कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे यह लड़ाई जल, जंगल और ज़मीन बचाने की है, और इसे आख़िरी साँस तक लड़ेंगे।”
विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल ने कहा —“आदिवासी समाज की आवाज़ अब दबाई नहीं जा सकती जब हमारी माताएँ-बहनें, किसान और नौजवान सड़कों पर उतरेंगे, तब सरकार को जवाब देना ही पड़ेगा। मैं हर गांव, हर कार्यकर्ता के साथ खड़ी हूँ — यह आंदोलन हमारा हक़ मांगने का नहीं, उसे बचाने का संघर्ष है।”

कुक्षी के युवा नेता अर्जुन बघेल ने कहा — “सरकार की यह नीति जनविरोधी और आदिवासी विरोधी है। युवाओं ने ठान लिया है कि हम अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लड़ेंगे। जो हमारी जमीन पर डाका डालेगा, उसे लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।” बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, सरपंच और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

आदिवासी समाज ने संकल्प लिया — “हम अपनी जल, जंगल और ज़मीन की रक्षा के लिए सड़क पर उतरेंगे, चाहे इसकी कितनी भी बड़ी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।”