दिलीप सिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
जोबट थाना परिसर में “हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं दंड के भय के बजाय सुरक्षा के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम में आमजन, जनप्रतिनिधि, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, कोटवार, ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत स्वास्थ्य व राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ जोबट के स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह के स्वागत एवं सम्मान से हुआ। इसके पश्चात् पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने उपस्थित जनसमुदाय को अलीराजपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को यह समझाना है कि हेलमेट पहनना किसी दंड से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में “हेलमेट बैंक” की स्थापना की गई है, जो जनसहभागिता आधारित पहल है। इसके अंतर्गत जिले के सक्षम नागरिक स्वेच्छा से हेलमेट क्रय कर संबंधित पुलिस थानों में जमा कर सकते हैं। बाद में ये हेलमेट जरूरतमंद दोपहिया चालकों को निःशुल्क वितरित किए जाते हैं ताकि वे सुरक्षित रूप से वाहन चला सकें।

हेलमेट बैंक से वितरण एवं शपथ ग्रहण-कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने सभी उपस्थित नागरिकों को नियमित रूप से हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई। साथ ही जोबट थाने की हेलमेट बैंक में संचित 135 हेलमेटों का वितरण जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को किया गया। इस पहल को उपस्थित जनसमुदाय द्वारा सराहा गया और नागरिकों ने स्वयं भी इस अभियान में सहयोग देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

साइबर क्राइम एवं महिला सुरक्षा पर जागरूकता-पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने साइबर अपराध से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि किस प्रकार लोग ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने आमजन को सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध संदेश, लिंक या कॉल पर विश्वास न करने तथा ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा और सम्मान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला तथा महिलाओं के प्रति अपराधों को रोकने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी और सामाजिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

नई पहल – “आपणा माणसेन आपणी पुलिस: भरोसे के साथ, सुरक्षा में सहयोग”-इसी अवसर पर श्री सिंह ने अलीराजपुर पुलिस की एक नई नवाचार पहल “आपणा माणसेन आपणी पुलिस – भरोसे के साथ, सुरक्षा में सहयोग” की घोषणा की। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता, जनसंवाद और समाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
अभियान के प्रमुख उद्देश्य और कार्यप्रणाली:
• ग्रामों में चौपाल एवं खाटला बैठकें आयोजित कर ग्रामीणजनों से प्रत्यक्ष संवाद।
• नशा मुक्ति, महिला सम्मान और बाल शिक्षा के लिए प्रेरणा देना।
• दहेज प्रथा, डाकन प्रथा जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन के लिए सामाजिक जागरूकता।
• महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सामाजिक प्रोत्साहन।
• विवाह एवं सामाजिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च, शराब सेवन एवं डीजे उपयोग को सीमित करने के लिए जागरूकता।
• अपराधों से दूरी बनाए रखने हेतु शपथ ग्रहण।
• बच्चों की शिक्षा, उन्हें दोपहिया वाहन न चलाने तथा मोबाइल संबंधित अपराधों से बचाव पर जानकारी।
• भानगड़ी प्रथा पर नियंत्रण और ग्रामीणजनों को कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान करना।
सरदार पटेल जयंती पर वाहन रैली का शुभारंभ-कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एक वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जोबट कस्बे के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी, जिसमें पुलिस बल, सामाजिक संगठन और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारीगण-इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जोबट श्री रविन्द्र राठी, तहसीलदार जोबट, थाना प्रभारी जोबट निरीक्षक विजय वास्कले, तथा थाना प्रभारी नानपुर निरीक्षक राजेश डावर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम अलीराजपुर पुलिस की जनसंपर्क एवं सुरक्षा संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। “हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” और “आपणा माणसेन आपणी पुलिस” जैसे अभियानों के माध्यम से आलीरापुर पुलिस विभाग समाज में विश्वास, सहयोग और सुरक्षा की संस्कृति को सुदृढ़ करने हेतु द्ढ संकल्पित है।