निलेश डावर – वॉइस ऑफ झाबुआ
कुक्षी (धार)। मध्य प्रदेश के धार जिले के कुक्षी तहसील अंतर्गत ग्राम बामनबर्डी और तलावड़ी क्षेत्र में आगामी 22 दिसंबर 2025 से खनिज अन्वेषण और ड्रिलिंग का कार्य शुरू होने जा रहा है। इस कार्य को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और किसी भी प्रकार के स्थानीय विरोध या व्यवधान को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
यह ब्लॉक श्री सीमेंट को मिला है…
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कुक्षी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मध्य प्रदेश शासन के खनिज साधन विभाग ने मेसर्स श्री सीमेंट लिमिटेड (राजस्थान) को बामनबर्डी और तलावड़ी (ईस्ट ऑफ डाबरी) लाइमस्टोन ब्लॉक के लिए *कंपोजिट लाइसेंस* जारी किया है। यह ब्लॉक लगभग 913 और 815 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है।
ग्रामीणों में होने वाले भ्रम को दूर करने के लिए बनी विशेष टीम
जारी पत्र अनुसार प्रशासन के संज्ञान में आया है कि स्थानीय स्तर पर कुछ लोग अन्वेषण कार्य को लेकर ग्रामीणों के बीच भ्रम फैला रहे हैं, जिससे कार्य में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इस स्थिति से निपटने के लिए एक विशेष दल का गठन किया गया है। जिसमें अध्यक्ष अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) सदस्य तहसीलदार कुक्षी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जनपद पंचायत), सदस्य सचिव जिला खनिज अधिकारी, धार यह टीम ग्रामीणों को परियोजना के बारे में जानकारी देगी और उनके मन में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास करेगी।
पुलिस बल की तैनाती के मिले निर्देश
अन्वेषण कार्य की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीओपी कुक्षी ने थाना प्रभारी कुक्षी और बाग को निर्देशित किया है कि वे ड्रिलिंग स्थल पर आवश्यक पुलिस बल सुनिश्चित करें। सुरक्षा व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य कार्य में बाधा डालने वाले लोगों पर नजर रखना और श्री सीमेंट लिमिटेड के कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करना है।