Homeझाबुआथांदलासीएमएचओ ने पोषण पुनर्वास केंद्र का किया औचक निरीक्षण कुपोषित बच्चों...

सीएमएचओ ने पोषण पुनर्वास केंद्र का किया औचक निरीक्षण कुपोषित बच्चों की जांच कर माताओं से की चर्चा, पोषण और स्वच्छता को लेकर दिए निर्देश

थांदला। सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने सिविल अस्पताल थांदला स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, भर्ती कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

सीएमएचओ ने भर्ती कुपोषित बच्चों की स्वयं जांच की तथा पूर्व में की गई जांच रिपोर्टों का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की माताओं के साथ बैठकर उनकी समस्याएं जानीं और पोषण, पौष्टिक आहार, साफ-सफाई एवं स्वच्छता को लेकर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया। गंभीर कुपोषित बच्चों के लिए पौष्टिक आहार और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई।

डॉ. चोपड़ा ने भर्ती बच्चों की माताओं को शासन की योजनाओं के तहत 14 दिवस तक केंद्र में भर्ती रहने पर मिलने वाली निर्धारित राशि की जानकारी भी दी। साथ ही केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मरीजों को समय पर उपचार और परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने पोषण प्रशिक्षक को निर्देशित किया कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचे। इसके लिए फील्ड स्तर पर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जाए।

सीएमएचओ ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को सभी स्वास्थ्य सेवाएं नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराने तथा भर्ती बच्चों और उनके परिजनों को आवश्यक उपचार, पोषण संबंधी जानकारी एवं परामर्श समय पर देने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!