Homeझाबुआपिटोलपिटोल पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चोरी का खुलासा कर 3 आरोपी पकड़े;...

पिटोल पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चोरी का खुलासा कर 3 आरोपी पकड़े; जुआ-सट्टे में 5 पर केस

विनय पंचाल पिटोल। अपराधों पर लगाम कसने के लिए पिटोल पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का खुलासा किया है, वहीं जुआ-सट्टे के खिलाफ भी कार्रवाई की है। कालाखुंट में कच्चे मकान की दीवार खोदकर चांदी के आभूषण और नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दूसरी ओर हरिजन मोहल्ला पिटोल में ताश पर जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ा गया, जबकि तितली-भंवरा खिलाने वाले एक अन्य व्यक्ति पर भी कार्रवाई की गई। जुआ कार्रवाई में कुल ₹2,47,010 का मशरूका जब्त किया गया।

दीवार खोदकर घर में घुसे थे बदमाश

कालाखुंट गांव में 19 अगस्त 2026 की रात चुनकीबाई पति मडिया बबेरिया अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। रात करीब 2:30 बजे घर के पीछे की दीवार खोदने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग जागे तो एक व्यक्ति घर के अंदर से बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद घर की तलाशी लेने पर ड्रम में रखी नगदी और जमीन में गाड़कर रखे इस्तेमाली चांदी के आभूषण व नगदी रुपये गायब मिले। घर के बाहर खेत में रखा पानी की मोटर के वायर का बंडल भी चोरी हो चुका था। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली झाबुआ में अपराध क्रमांक 0784/2026, धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेन्द्र पाटीदार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपालसिंह मोहबिया एवं एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक आर.सी. भास्करे और चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक बघेल के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वारदात में शामिल संदिग्ध टिटकीखेड़ा के जंगल में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कालाखुंट में चोरी करना स्वीकार किया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश पिता कालिया मचार (25), निवासी नवा फलिया फुलेड़ी, थाना मेघनगर, जिला झाबुआ; दीवान पिता गौरसिंह गुंडिया (32), निवासी मंदिर फलिया फुलेड़ी, थाना मेघनगर, जिला झाबुआ और लाला पिता मोहन सिगाड़िया (22), निवासी डुन्डका, थाना मेघनगर, जिला झाबुआ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पुरानी इस्तेमाली चांदी के आभूषण, पानी की मोटर के वायर का बंडल और घटना में प्रयुक्त सीडी डिलेक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP45MQ5592 बरामद की है। बरामद मशरूके की अनुमानित कीमत ₹1,06,500 है। पुलिस के अनुसार आरोपी दीवान गुंडिया के खिलाफ पूर्व में भी तीन मामले दर्ज हैं। इनमें थाना मेघनगर का अपराध क्रमांक 0029/2016 धारा 25(बी) आर्म्स एक्ट, अपराध क्रमांक 0348/2016 धारा 379 भादवि तथा थाना पेटलावद का अपराध क्रमांक 0352/2013 धारा 25(बी) आर्म्स एक्ट शामिल है।

हरिजन मोहल्ले में ताश पर जुआ, चार गिरफ्तार

इधर, पिटोल पुलिस ने जुआ-सट्टे के खिलाफ भी कार्रवाई की। कस्बे में भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि हरिजन मोहल्ला पिटोल में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी और चार लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में मुकेश पिता प्रेमसिंह बंजारा (43), निवासी गोधरा रोड, फ्रिलेडगंज, दाहोद, गुजरात; अलजी पिता पानसिंह बिलवाल (50), निवासी माण्डली बड़ी; पंकेश पिता जिमाल भाबोर (30), निवासी खापरिया, दाहोद, गुजरात तथा मुकेश पिता बालु बिलवाल (40), निवासी माण्डली बड़ी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे और मौके से 03 मोबाइल फोन, कीमत ₹75,000, टीवीएस स्कूटी कीमत ₹80,000, मोटरसाइकिल कीमत ₹85,000, जुआ राशि ₹7,010 और ताश पत्ती जब्त की। कुल जब्त मशरूके की कीमत ₹2,47,010 बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

तितली-भंवरा खिलाते एक और आरोपी पकड़ा

जुआ-सट्टे के खिलाफ एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने कमलेश पिता नरु मेड़ा, निवासी पिटोल बड़ी को रुपये-पैसों का दांव लगवाकर तितली-भंवरा खिलाते हुए पकड़ा। उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

इनकी रही अहम भूमिका

चोरी की कार्रवाई में निरीक्षक आर.सी. भास्करे, उपनिरीक्षक अशोक बघेल, सउनि. नरेन्द्र परमार, सउनि. सुरसिंह चौहान, प्र.आर. 323 दिलीप डावर, आर. 441 कैलाश सोलंकी, आर. 196 अजमेर, आर. 300 दीपक पटेल, आर. 39 कुबेर सोलंकी, आर. 284 अशरफ खान, आर. 144 संजू एवं आर. चालक 118 अनसिंह भूरिया का सराहनीय योगदान रहा। जुआ-सट्टे की कार्रवाई में एसआई अशोक बघेल, आरक्षक अजमेर, आरक्षक दीपक, आरक्षक कैलाश, आरक्षक गोपाल एवं आरक्षक अनसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!