विनय पंचाल, पिटोल
हज़रत पैगम्बर मोहम्मद साहब (स.आ.व.) के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में दाऊदी बोहरा समाज पिटोल द्वारा रविवार को नगर में चल समारोह निकाला गया। चल समारोह के दौरान पिटोल में आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सर्व समाज एकता का सुंदर माहौल देखने को मिला।

चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकला। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न समाजों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर बोहरा समाज के लोगों का स्वागत किया। आजाद चौक पर पंचाल समाज द्वारा चल समारोह का स्वागत किया गया, वहीं सदर बाजार सहित अन्य स्थानों पर ठाकुर समाज, सोनी समाज, प्रजापत समाज, नागर समाज, लबाना समाज सहित अन्य समाजों के लोगों ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।

चल समारोह के मार्ग में जगह-जगह समाजजनों एवं नगरवासियों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। विभिन्न समाजों की सहभागिता से पूरे नगर में उत्साह और भाईचारे का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के माध्यम से पिटोल में सर्व समाज के बीच आपसी प्रेम, सम्मान, सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश देखने को मिला।