आलीराजपुर संवाददाता
सफलता सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, बल्कि अटूट संकल्प और निरंतर परिश्रम का परिणाम होती है। इस उक्ति को चरितार्थ किया है आलीराजपुर पुलिस परिवार की होनहार सुपुत्री कुमारी वेदिका मौरे ने, जिन्होंने मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 10वीं की परीक्षा में 96.2% अंक अर्जित कर संपूर्ण जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वेदिका के पिता, श्री घमरसिंह मौरे, जो थाना बोरी में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, उनके लिए यह क्षण गौरव का विषय है। पुलिस विभाग की सेवा, जहाँ ड्यूटी का कोई निश्चित समय नहीं होता और चुनौतियाँ हर समय बनी रहती हैं, ऐसे वातावरण के बीच अपनी संतान को उत्कृष्ट शैक्षणिक मार्गदर्शन देना स्वयं में एक प्रेरणादायक मिसाल है।आज दिनांक 16 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल द्वारा मेधावी छात्रा वेदिका को सम्मानित किया गया। चर्चा के दौरान जब वेदिका ने अपनी भावी योजना साझा करते हुए बताया कि वह सिविल सेवा में जाना चाहती हैं, तो पुलिस अधीक्षक ने उन्हें प्रौत्साहन स्वरूप मार्गदर्शन देते हुये कहा कि —
“सपनों को हकीकत में बदलने का केवल एक ही मार्ग है—कठोर अनुशासन और ईमानदारी से की गई पढ़ाई। यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में उसे पाने का दृढ़ संकल्प, तो सफलता निश्चित ही आपको मिलेगी।” वेदिका की यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि उन सभी अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत है जो संसाधनों की कमी या व्यस्त जीवनशैली को कोसते हैं। आलीराजपुर पुलिस परिवार आलीराजपुर पुलिस परिवार की बेटी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करता है और जिले के समस्त छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित करता है।