करीम खान संवादाता
तहसील कार्यालय, जोबट के सभा कक्ष में आयोजित त्रैमासिक विभागीय समीक्षा बैठक जोबट विधायक सेना महेश पटेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी, जनपद सीईओ सहित उदयगढ़ एवं जोबट ब्लॉक के विभिन्न विभागों—शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, जनपद एवं नगर पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE), कृषि, वन, राजस्व, उद्यानिकी, आजीविका मिशन, पशु चिकित्सा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, लोक निर्माण, खाद्यान्न एवं परियोजना क्रियान्वयन इकाई (PIU)—के अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा कर उन्हें गति प्रदान करना रहा। बैठक के दौरान विधायक श्रमती पटेल ने शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, साइकिल एवं ड्रेस की राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए। साथ ही अभिभावकों के साथ नियमित बैठक आयोजित कर बच्चों की ड्रेस समय पर तैयार कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। विद्यालयों एवं छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त शिकायतों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जिम्मेदारी बीईओ, बीआरसी, प्राचार्य एवं हॉस्टल वार्डन की होगी, अतः सामग्री लेने से पूर्व उसकी जांच सुनिश्चित की जाए, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करने एवं निर्माणाधीन स्कूल भवनों के नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। उदयगढ़ एवं जोबट ब्लॉक में स्कूल भवनों की कमी की जानकारी पर आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि कम से कम 80% पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए जाएं। जिन हितग्राहियों के दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें संबंधित विभागों के समन्वय से पूर्ण कराया जाए। साथ ही निर्माणाधीन स्वास्थ्य भवनों को शीघ्र पूर्ण कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए विधायक ने निर्देशित किया कि विभाग अपने सभी आंकड़े सही एवं अद्यतन कर अगली बैठक में प्रस्तुत करे। आंगनवाड़ी केन्द्रों के निर्माणाधीन भवनों की स्थिति, बच्चों के पोषण आहार की गुणवत्ता एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के लिए जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य आवश्यक है। जनपद पंचायत के कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। विधायक ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। क्षेत्र से प्राप्त शिकायतों के आधार पर पंचायत इंजीनियर की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने रोजगार सहायक एवं सचिवों की बैठक आयोजित कर कार्यों में गति लाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि हैंडपंपों, जल टंकियों एवं “नल-जल योजना” की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है और कार्य केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहा है। उन्होंने विभाग को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर पेयजल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उदयगढ़ विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी विधायक ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि आमजन के फोन नहीं उठाना एवं समय पर समस्याओं का निराकरण नहीं करना गंभीर लापरवाही है। अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाते हुए जनता के प्रति जवाबदेह बनने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए देगांव की वृद्ध महिला “वेसती दादी” की समस्या को प्राथमिकता से सुना गया। इस संबंध में एसडीएम एवं जनपद सीईओ से चर्चा कर विभागीय सहयोग एवं जनसहयोग के माध्यम से ₹50,000 की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही उनके आवास की समस्या का समाधान करते हुए उन्हें संबंधित योजना से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए। विधायक ने स्वयं भी सहयोग प्रदान करने की बात कही।.अंत में विधायक श्रीमती पटेल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें। मैं ख़ुद भी गांव गांव में जाकर समीक्षा बैठक करूँगी कार्यों का निरीक्षण करूँगी लापरवाही किसी की नहीं होनी चाहिये