वॉइस ऑफ़ झाबुआ-रितिक परमार
खवासा। ग्राम पंचायत खवासा ने एक बार फिर नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क किनारे ठेले-टापरियां लगाकर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। पंचायत की इस कार्रवाई से सड़क किनारे की अव्यवस्था को दूर करने का प्रयास किया गया है।
पंचायत ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्रवाई तो कर दी, लेकिन अब सवाल यह उठता है कि क्या खवासा चौकी पुलिस भी सड़कों पर अस्त-व्यस्त तरीके से खड़े किए जाने वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करेगी? नगर के रोग्या देवी मंदिर चौराहे की स्थिति भी इन दिनों चिंता का विषय बनी हुई है। यहां कई लोग सड़क किनारे और चौराहे के आसपास अपनी मोटरसाइकिलें खड़ी कर बाजार में चले जाते हैं। इसके कारण सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिनभर खड़े वाहनों को आगे-पीछे करते हुए रास्ता निकालना पड़ता है।
ऐसे में बड़ा सवाल है कि आखिर नगर की यातायात व्यवस्था कब सुधरेगी?
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि ग्राम पंचायत द्वारा पुलिस से अस्त-व्यस्त तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया था। बताया जाता है कि इस पर पुलिस की ओर से चालान बनाने की मशीन उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। अब देखना यह होगा कि पंचायत की कार्रवाई के बाद क्या पुलिस भी यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीरता दिखाती है या फिर सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहन इसी तरह आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बने रहेंगे। पंचायत ने अपना काम कर दिया है, अब निगाहें खवासा पुलिस पर हैं। आने वाले दिन बताएंगे कि नगर की व्यवस्था वास्तव में कितनी सुधरती है।