रिपोर्टर सुनील खोडे
—————————
पेटलावद। सेवा भारती झाबुआ प्रकल्प, पेटलावद द्वारा समाजसेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक और सराहनीय पहल करते हुए द्वितीय सत्र का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया, साथ ही सिलाई एवं मेहंदी प्रशिक्षण के लिए नए आवेदन आमंत्रित किए गए।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीओपी अनुरक्ति सबनानी, गुरुकुल एकेडमी की अध्यक्ष श्रीमती हर्षिता चौहान, लायंस क्लब पेटलावद ग्रेटर के अध्यक्ष जीवन जी भंडारी एवं श्रीमती अमिता भंडारी की गरिमामयी उपस्थिति में भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक रूप से भारत माता की आरती एवं पूजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो उठा। स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष हरिओम पाटीदार ने दिया।

मुख्य अतिथि अनुरक्ति सबनानी ने अपने संबोधन में सेवा भारती के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तब पूरा समाज प्रगति की ओर अग्रसर होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती हर्षिता चौहान ने कहा कि सेवा भारती महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार कर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने का साहस प्रदान कर रही है। यह कार्य वास्तव में समाज के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। विशिष्ट अतिथि श्रीमती अमिता भंडारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा भारती के सेवा कार्यों को उन्होंने निकट से देखा है। संस्था न केवल महिला सशक्तिकरण में अग्रणी है, बल्कि बच्चों के लिए छात्रावास एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है। अतिथियों का स्वागत सेवा भारती झाबुआ के जिला अध्यक्ष हरिओम पाटीदार, रितेश निमजा, राजेश सिंधराज एवं सुरेश प्रजापति द्वारा मालाओं के साथ किया गया।
सहयोगियों का सम्मान और लायंस क्लब ग्रेटर का सहयोग
इस अवसर पर सिलाई प्रशिक्षण में अपनी निशुल्क सेवाएं प्रदान कर रही मधु जी भायल का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही नेहा मकवाना को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ब्यूटी पार्लर में सहयोग करने वाली किरण चोयल का भी सम्मान किया गया।लायंस क्लब पेटलावद ग्रेटर द्वारा प्रशिक्षण केंद्र के लिए बैठने की कुर्सी प्रदान कर सराहनीय सहयोग दिया गया।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण रहा—
प्रथम सत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी चंचल मावी की सफलता गाथा। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार प्राप्त हुआ, जिससे वे आत्मनिर्भर बनीं। उनकी कहानी ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रेरणा से भर दिया।
अंत में अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी कुल 31 महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिनमें 20 ने सिलाई एवं 11 ने मेहंदी प्रशिक्षण प्राप्त किया।इस अवसर पर जिज्ञासा भट्ट, उषा प्रजापति,संस्था में सहयोग कर रही सिलाई प्रशिक्षक गायत्री मोरवाल , मेहंदी प्रशिक्षक प्रिया सोलंकी, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षक माही परमार सहित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाएं व बालिकाएं उपस्थिति रही कार्यक्रम का संचालन तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र भट्ट ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला सदस्य राजेश सिंधराज द्वारा व्यक्त किया गया।