दिलीप सिंह भूरिया आलीराजपुर ब्यूरो चीफ
चंद्रशेखर आज़ाद नगर भाभरा विकासखंड जिला अलीराजपुर अंतर्गत ग्राम रिंगोल में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता श्री पंकज जादव द्वारा भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच श्री महेश भूरिया ने की। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम स्तर पर प्रस्फुटन समितियों को सशक्त बनाना तथा उन्हें ग्राम विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली के साथ-साथ समिति के कार्यों की रूपरेखा और आवश्यक दस्तावेजीकरण के विषय में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही समिति द्वारा किए जाने वाले नवाचारों तथा आदर्श ग्राम की संकल्पना पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि संगठित प्रयासों के माध्यम से समितियाँ गांव में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकती हैं।

प्रशिक्षण में पर्यावरण संरक्षण, जल–जंगल–जमीन के महत्व तथा ग्राम समाज में जनजागरण और सहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि प्रस्फुटन समितियाँ सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से ग्राम स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव भी साझा किए तथा ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री रामसिंह निगवाल ने आगामी जल गंगा संवर्धन अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 19 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सभी प्रस्फुटन समितियों द्वारा बैठक, संगोष्ठी, जनजागरण रैली, जल संरक्षण से संबंधित प्रतियोगिताएं, जागरूकता कार्यक्रम, तालाब गहरीकरण तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई जैसे विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिला समन्वयक के मार्गदर्शन में समितियों को इन कार्यक्रमों को सक्रिय रूप से संचालित करने के लिए निर्देशित किया गया।

कार्यक्रम में सेक्टर प्रभारी श्री संजय बामणिया भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन परामर्शदाता श्री गोपाल चौहान, श्री पंकज गोहिल तथा श्री शैलेश राठौर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष, सचिव, नवांकुर सखी, सदस्यगण सहित ग्राम के अनेक नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण के अंत में अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा सभी से ग्राम विकास एवं जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।