आलीराजपुर/ बरझर करीम खान
जिले के बरझर ग्रामपंचायत के तंबोलिया फलिया में स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु, ग्रामीणजन और धर्मप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा भगवान की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल हैं। उन्होंने मंदिर निर्माण जिसमे सीमेंट, टाइल्स, कलर,प्लास्टर , शिखर ,मूर्ति स्थापना के लिए अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए ₹2,51,000 (दो लाख इक्यावन हजार रुपये) की सहयोग किया है विधायक पटेल दंपति के इस योगदान की उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों मंदिर समित ने सराहना की तथा उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत 12 मार्च से 14 मार्च तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ, पूजन और आरती का आयोजन किया गया। पहले दिन पंचांग पूजन, कलश यात्रा और मूर्तियों का जलाधिवास एवं पुष्पाधिवास संपन्न हुआ। दूसरे दिन मंडल पूजन, यज्ञ प्रारंभ, नवीन मूर्तियों का विभिन्न वैदिक विधि-विधान से अभिषेक और आरती की गई। अंतिम दिन मुख्य कार्यक्रम के रूप में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा विधि संपन्न हुई तथा महाआरती के बाद कन्या पूजन भोज का आयोजन किया गया श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई।इस अवसर पर आदिवासी विकाश परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पटेल ने कहा कि मंदिर और धार्मिक स्थल हमारी संस्कृति, आस्था और परंपरा के केंद्र होते हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता और धार्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान आचार्य पंडित कमलेश नागर के मार्गदर्शन में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, समाजजन, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।