आलीराजपुर संवाददाता
आलीराजपुर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर निगरानी और महिला सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली में एक युवती की शिकायत पर इंस्टाग्राम आईडी ‘jitendrabaghelofficial69’ के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। घटना का विवरण: शिकायतकर्ता युवती अपनी बहनों के साथ दिनांक 28.02.2026 को ग्राम नानपुर के भंगोरिया हाट बाजार में सम्मिलित होने गई थी। इस दौरान एक अज्ञात युवक द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में आई हुई युवतियों का उनकी बिना अनुमति के वीडियो बनाया गया। बाद में उक्त वीडियो को ‘jitendrabaghelofficial69’ नामक इंस्टाग्राम आईडी से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियों (ऑडियो) के साथ पोस्ट किया गया, जिससे युवतियों की गरिमा और लज्जा को ठेस पहुँची।
पीड़िता का साहस और जागरूकता: इस मामले में पीड़िता ने अत्यंत साहस और जागरूकता का परिचय दिया। जैसे ही उन्हें इस कृत्य की जानकारी मिली, उन्होंने चुप रहने के बजाय कानून का सहारा लेना उचित समझा। पीड़िता ने तत्काल थाना कोतवाली पहुँचकर अपने परिजनों के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की सक्रियता की सराहना करते हुए आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(ii) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 66E व 67 के तहत अपराध क्रमांक 0/2026 पंजीबद्ध कर घटनास्थल थाना नानपुर क्षेत्रान्तर्गत होनें से अग्रिम अनुसंधान हेतु नानपुर भेजा जाकर प्रकरण अनुसंधान में लिया गया है।
पुलिस की चेतावनी एवं एडवायजरी: थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू सिटोले ने बताया कि अलीराजपुर साइबर पुलिस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार सक्रिय है। ऐसे असामाजिक तत्व जो सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर महिलाओं की निजता भंग करते हैं या अमर्यादित टिप्पणियां करते हैं, उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
अलीराजपुर पुलिस की अपील:
1. मर्यादा बनाए रखें: सोशल मीडिया पर किसी का भी संबंधित की अनुमति के बिना उनका फोटो या वीडियो बनाना और उसे सार्वजनिक करना कानूनी अपराध है।
2. भ्रामक पोस्ट से बचें: किसी भी प्रकार की असामाजिकता या अमर्यादित टिप्पणियां फैलाने वाले कंटेंट को शेयर या लाइक न करें।
3. सजग बनें: यदि आपके साथ या आपके संज्ञान में ऐसी कोई घटना आती है, तो पीड़िता की तरह जागरूक बनें और तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल को सूचित करें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।