दिलीपसिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
जोबट: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल दिनभर सक्रिय रहे। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों का दौरा कर पूजा-अर्चना की और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उनका संदेश स्पष्ट था—“आस्था और जनसेवा का समन्वय समाज की प्रगति का आधार है।”
ईश्वरा महादेव मंदिर में हैंडपंप की सौगात
जोबट के कालीखेत्तर स्थित ईश्वरा महादेव मंदिर में पटेल दंपति ने विधिवत पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अपने निजी व्यय से मंदिर में हैंडपंप खनन कर स्थापित किया। इस पहल से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल की सुविधा प्राप्त होगी।

गायत्री गोपाल गौशाला में पूजा और मार्ग समस्या का आश्वासन
पटेल दंपति गायत्री गोपाल गौशाला पहुँचे और गौमाता की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने गौशाला तक आने वाले मार्ग की समस्या विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया और पानी की सुविधा के लिए टैंकर उपलब्ध कराने की घोषणा की।

भगोरिया की शुरुआत उँडारी सिद्धेश्वर महादेव मंदिर से
आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ,जोबट विधायक सेना महेश पटेल के नेतृत्व में, सैकड़ों ढोलों के साथ हजारों ग्रामीणजन पारंपरिक ग़ैर निकालकर उँडारी सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुँचे। इस दौरान उँडारी सरपंच भंगू अजनार भी मौजूद रहे। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने स्वयं ढोल बजाकर महादेव की परिक्रमा की। पटेल दंपति ने महादेव के दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और सभी को होली एवं भगोरिया पर्व की शुभकामनाएँ दी। मंदिर समिति को रात्रि आरती में भोलेनाथ का श्रृंगार उनके तरफ़ से करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक संस्कृति से ओतप्रोत रहा।

जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता आराम पटेल, सरदार अजनार, मोनू बाबा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद डावर, विधानसभा अध्यक्ष लक्की राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर विधायक सेना महेश पटेल की सक्रियता ने न केवल धार्मिक आस्था को बल दिया, बल्कि जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।