Homeरतलामकालिका माता मंदिर तोरणद्वार हादसे पर घमासान, विधायक ने शासन को भेजी...

कालिका माता मंदिर तोरणद्वार हादसे पर घमासान, विधायक ने शासन को भेजी शिकायत ; सैलाना नगर परिषद के सीएमओ पद को लेकर भी उठाए सवाल

सैलाना।  सैलाना नगर में कालिका माता मंदिर के तोरणद्वार निर्माण कार्य के दौरान हुई दुर्घटना को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रतलाम, श्रम आयुक्त इंदौर के साथ ही नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को भी शिकायत पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

विधायक डोडियार ने अपने शिकायत पत्र में बताया कि 12 फरवरी 2026 को कालिका माता मंदिर के गेट (तोरणद्वार) निर्माण कार्य के दौरान निर्माणाधीन संरचना की सेंटीग गिरने से एक मिस्त्री सहित दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया तथा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, जिससे बड़ा हादसा हो गया। विधायक ने यह भी उल्लेख किया कि घटना के समय पास स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षाएं संचालित हो रही थीं। ऐसे में कई छात्राओं के घायल होने की आशंका बनी हुई थी, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी। प्रथम दृष्टया मामले में निर्माण कार्य में भारी लापरवाही एवं अनियमितताओं के संकेत सामने आ रहे हैं। इस मामले को गंभीर मानते हुए विधायक ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कार्यपालन यंत्री उज्जैन, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा अपर प्रमुख सचिव संजय दुबे को भी पत्र भेजकर निर्माण कार्य की जांच कराने और दोषी ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने तथा घायल श्रमिकों को उचित मुआवजा एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। वहीं विधायक ने सैलाना नगर परिषद के प्रशासनिक ढांचे को लेकर भी सवाल उठाए हैं। विधायक के अनुसार श्री मनोज शर्मा मूल पद राजस्व उप निरीक्षक होते हुए नियम विरुद्ध प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) के रूप में नगर परिषद सैलाना में पदस्थ हैं।

विधायक ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि उनके कार्यकाल के दौरान गंभीर अनियमितताओं, भ्रष्टाचार तथा राजनीतिक गतिविधियों में संलिप्तता की शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी जांच कराना आवश्यक है। विधायक ने यह भी कहा कि प्रदेश की नगर पालिका परिषदों एवं नगर परिषदों में राजस्व उप निरीक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के बावजूद सैलाना में प्रभारी व्यवस्था बनी हुई है, जबकि नगर परिषद को सुचारू संचालन के लिए स्थाई सीएमओ की आवश्यकता है। विधायक डोडियार ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने की मांग की है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद नगर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और जवाबदेही को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Previous article
Next article
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!