आम्बुआ एकलव्य विद्यालय पहुँचीं विधायक सेना महेश पटेल, विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश।
अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
आम्बुआ
जोबट विधायक सेना महेश पटेल कल आम्बुआ स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास पहुँचीं, जहाँ उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय एवं हॉस्टल में व्याप्त कुछ अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं की जानकारी विधायक को दी।बताया गया कि छात्रावास की कुछ समस्याओं को लेकर बच्चे आक्रोशित थे और कलेक्टर से शिकायत करने के लिए रोड से पैदल चल के जा रहे थे । स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक स्वयं एकलव्य हॉस्टल पहुँचीं और बच्चों को शांतिपूर्वक समझाइश दी।विधायक सेना महेश पटेल ने तत्काल जिला कलेक्टर नीतू माथुर, एसडीएम तपिश पांडे तथा सहायक आयुक्त संजय परवाल को फोन पर पूरी स्थिति से अवगत कराया और निर्देशित किया कि बच्चों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बच्चों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा,
“मैं कलेक्टर मैडम से बात कर रही हूँ। आपकी जो भी समस्याएँ हैं, उनका समाधान प्रशासन द्वारा कराया जाएगा। आप सभी का परीक्षा समय निकट है, इसलिए आप अपने अध्ययन पर पूरा ध्यान दें और रोड पर आने जैसी स्थिति न बनने दें। आपके हितों की जिम्मेदारी मेरी है।”विधायक के हस्तक्षेप के बाद विद्यार्थियों ने आश्वस्त होकर शांतिपूर्वक अपनी कक्षाओं एवं हॉस्टल की ओर लौटना स्वीकार किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शीघ्र कार्यवाही का भरोसा दिलाया।इस दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावास एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।विधायक सेना महेश पटेल की इस तत्परता से विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में विश्वास का वातावरण बना है और क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है कि जनप्रतिनिधि बच्चों की शिक्षा और अधिकारों को लेकर सजग हैं।