झाबुआ।
वर्ष 2025 के अंतिम मंगलवार 30 दिसंबर को नगर के राजवाड़ा चौक पर अभूतपूर्व रूप से हजारों सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। जिसमें झाबुआ नगर ही नहीं बल्कि आसपास क्षेत्र के रामभक्तो ने बड़ी संख्या में आकर आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया। इस आयोजन में सम्मिलित भक्तों से अपने या अपने परिजनों से जुड़े कष्टों को एक पर्ची पर लिखकर लाने और बाबा कष्टभंजन देव के श्री चरणों में अर्पित करने का आह्वान किया गया था। आयोजन में ऐसी सैकड़ों पर्चीयां भक्तों ने बाबा के समक्ष रखी। यह सभी पर्चीयां शुक्रवार को श्री सालंगपुर धाम स्थित बाबा कष्टभंजन देव के दरबार हेतु श्री हनुमान चालीसा पाठ समिति दल लेकर रवाना हुआ।
समिति के श्री शुभम राठौर ने बताया की समिति सदस्य, दल के रूप में आयोजन स्थल राजवाड़ा चौक से शुक्रवार सुबह राजकोट के लिए निकले। उल्लेखनीय है की राजकोट में विशाल श्री हनुमान चालीसा युवा कथा का आयोजन किया जा रहा है। यहाँ लाखो की संख्या में उपस्थित युवाजनों और अन्य सभी हनुमान भक्तों को कष्टभंजन देव के अनन्य भक्त स्वामी श्री हरिप्रकाशदास जी महाराज श्री हनुमान चरित्र कथा के माध्यम से संदेश दे रहे। बीते गुरुवार को यहाँ भक्तों की संख्या दो लाख से भी अधिक होने पर व्यापक रूप से अतिरिक्त बैठक व्यवस्था भी की गई थी ।
उन्होंने बताया झाबुआ समिति सदस्य इस आयोजन में शामिल होने के बाद शनिवार को स्वामी जी के साथ सालंगपुर धाम पहुँचेंगे, यहाँ शाम को स्वामी जी झाबुआ के भक्तों द्वारा पर्ची से लगाई गई सभी अर्जियां दरबार में बाबा कष्टभंजन देव के श्री चरणों में रखकर भक्तों के सभी कष्ट निवारण हेतु बाबा से विशेष प्रार्थना करेंगे। जिसका सीधा प्रसारण सोशल मीडिया से जुड़ें सालंगपुर धाम के सभी चैनल व पेज पर होगा।
सालंगपुर धाम के लिए रवाना दल में राजेंद्र शर्मा, भावेश सोनी, हिमांशु घोटकर, प्रवेश उपाध्याय, नवीन पाठक, संस्कार परमार व महेंद्र पंवार सहित समिति के अन्य सदस्य शामिल है।