दिलीपसिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
डावड़ी/खारी।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खारी में वार्षिक खेलकूद उत्सव का आयोजन अत्यंत उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में जोबट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सेना महेश पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय परिसर पूरे दिन खेल, उमंग और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र–छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ सहभागिता की। विशेष रूप से आयोजित खो-खो प्रतियोगिता के दौरान विधायक सेना महेश पटेल स्वयं खेल मैदान पर पहुंचीं और टीम में शामिल बच्चियों से व्यक्तिगत रूप से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक की मौजूदगी से बालिकाओं का आत्मविश्वास और उत्साह देखते ही बनता था।

इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा— “जब हमारी बेटियां खेल के मैदान में आगे बढ़ती हैं, तो यह पूरे समाज के लिए गर्व की बात होती है। आज हमारी बेटिया बेटे दोनों बराबर है खेल बच्चों में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियां भी उतनी ही आवश्यक हैं।” उन्होंने छात्राओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद डावर, युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष लक्की राठौड, युवक कांग्रेस नेता सोनू वर्मा, सलखेड़ा सरपंच लाखन रावत , निहाल सिंह भावर,सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।

खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक सेना महेश पटेल द्वारा मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया एवं सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा और आगे बढ़ने की भावना और मजबूत हुई। अपने संबोधन में विधायक ने सभी उपस्थितजनों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय के कई विद्यार्थी जिला एवं राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर चुके हैं और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विधायक ने विद्यार्थियों को पढ़ाई को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा— “आप सभी पढ़ाई में दो-दो बार रिवीजन करने की आदत डालें, ताकि प्रश्न चाहे कितने भी घुमाकर पूछे जाएं, आप उन्हें पूरी सटीकता के साथ उत्तर दे सकें।” कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र–छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।