रिपोर्टर विनय पंचाल पिटोल
झाबुआ/पिटोल चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घाटिया में कल शाम गौवंश की अवैध हत्या का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों एवं हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया।
कल शाम की घटना और पहली गिरफ्तारी
कल शाम ग्रामीणों को सूचना मिली कि ग्राम घाटिया में अवैध रूप से गौवंश की हत्या की जा रही है। सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए।

रात में पुलिस चौकी पर धरना और हनुमान चालीसा पाठ
बचे हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कल शाम से ही ग्रामीण पुलिस चौकी परिसर में एकत्रित हो गए। रात के समय ग्रामीणों एवं हिंदूवादी संगठनों द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया गया और हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया गया। यह पूरा घटनाक्रम रात का रहा।
रात में अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी झाबुआ आर.सी. भास्करे, तहसीलदार सुनील दावर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों द्वारा उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप की मांग किए जाने पर देर रात एसडीओपी रूपरेखा यादव भी पुलिस चौकी पहुंचीं।
एसडीओपी ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच और शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि पुलिस को कार्रवाई के लिए समय दिया जाए।

रात भर चला सर्च अभियान, दो और आरोपी गिरफ्तार
धरने और समझाइश के साथ-साथ पुलिस पूरी रात सक्रिय रही। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लगातार दबिश दी और देर रात तक कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आज सुबह पिटोल बंद, ज्ञापन सौंपा
आज सुबह इस पूरे घटनाक्रम के विरोध में पिटोल नगर पूर्ण रूप से बंद रहा। सभी व्यापारियों एवं ग्रामीणों ने स्वेच्छा से बंद रखा। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर पुलिस चौकी पहुंचे।

ग्रामीणों द्वारा पुलिस, राजस्व विभाग तथा पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें
ज्ञापन में मांग की गई कि— गौवंश हत्या प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। गौ मांस के विक्रेता, अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले तथा गौ मांस का सेवन करने वालों की भी निशानदेही कर उन्हें आरोपी बनाया जाए।

सभी आरोपियों पर रासुका की धाराएं लगाई जाएं।
गुजरी हाट बाजार में पशु एवं मवेशियों की खरीदी-बिक्री पर निगरानी के लिए मॉनिटरिंग टीम गठित की जाए, जो पूरा लेखा-जोखा रखे। पुलिस व प्रशासन द्वारा पूर्ण, निष्पक्ष और सख्त जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो रात भर पुलिस छावनी में तब्दील रहा क्षेत्र स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जिले की विभिन्न थाना एवं चौकियों से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पिटोल से लेकर ग्राम घाटिया और घटनास्थल तक का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।