आलीराजपुर 17 नवंबर 2028। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में टीएल समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी विभाग डी और सी ग्रेड में नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने निर्देशित किया कि 50 दिवस से अधिक लंबित सभी शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण हर हाल में करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ई-केवाईसी प्रगति की समीक्षा
बैठक में ई-केवाईसी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन पंचायतों में 50% से कम ई-केवाईसी हुई है, वहां के जनपद पंचायत सीईओ को नोटिस जारी किया जाए। साथ ही नगर पालिका सीएमओ को भी ई केवाईसी में देरी के लिए नोटिस जारी किए गए।उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी समय पर नहीं होने से हितग्राहियों को लाभ मिलने में देरी होती है, इसलिए इसे प्राथमिकता से पूर्ण कराया जाए। ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा लगातार की जाएगी। साथ ही पालन प्रतिवेदन की भी विभागवार समीक्षा की गई।
नशा मुक्ति अभियान
बैठक के दौरान बताया गया कि जिले में नशा मुक्ति अभियान संचालित है। इसके अंतर्गत कल सभी स्कूलों और शासकीय कार्यालयों में नशा मुक्ति के लिए शपथ दिलाई जाएगी जिससे जन-जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री मनोज गरवाल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री निर्मला कलमे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।