Homeअलीराजपुरजोबट266 का यूरिया बैग 450 में! जोबट में खुलेआम लूट, आदिवासी किसान...

266 का यूरिया बैग 450 में! जोबट में खुलेआम लूट, आदिवासी किसान बेहाल – प्रशासन नींद में सरकारी दरें ताक पर, काले बाजार में धड़ल्ले से बिक रही खाद – किसान लुट रहे, अधिकारी चुप हैं

निलेश डावर/जोबट

जोबट क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में इन दिनों यूरिया खाद की कालाबाजारी ने विकराल रूप ले लिया है। सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य मात्र 266 रुपये प्रति बैग है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि यही यूरिया कई निजी दुकानों और बिचौलियों द्वारा 400 से 450 रुपये में खुलेआम बेचा जा रहा है, वह भी बिना किसी बिल या वैध दस्तावेज के। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस अवैध बिक्री की सबसे बड़ी कीमत गरीब और सीमांत आदिवासी किसानों को चुकानी पड़ रही है, जो बरसात की शुरुआत में बोवनी के लिए खाद की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। जब शासकीय समितियों पर खाद की अनुपलब्धता का बहाना बनाकर उन्हें लौटाया जाता है, तब मजबूरी में किसान इन मुनाफाखोरों के चंगुल में फँस जाते हैं। सवाल उठता है कि कृषि विभाग और जिला प्रशासन इस पूरी स्थिति पर मौन क्यों साधे हुए हैं?

क्या यह प्रशासनिक लापरवाही है या माफियाओं से मिलीभगत? ऐसी परिस्थितियों में किसानों को या तो कर्ज लेकर खाद खरीदनी पड़ रही है या फिर अपनी खेती में कटौती करनी पड़ रही है, जो कि उनके जीवन यापन पर सीधा प्रभाव डालता है। अब वक्त आ गया है कि प्रशासन नींद से जागे और इस लूट को तुरंत रोके। समूचे क्षेत्र की खाद वितरण व्यवस्था की सघन जांच हो, निजी दुकानों पर छापे मारे जाएं, अधिक दाम वसूलने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाए और शासकीय समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। यह केवल एक आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि किसानों के साथ किया जा रहा अन्याय और शोषण है, जो अगर नहीं रुका, तो चुनौतियां बढ़ना आम बात है।

आदिवासियों के लिए हर लड़ाई लड़ने की बात करने वाले नेता भी गायब।

जो नेता हर चुनाव में खुद को आदिवासियों का हितैषी बताकर वोट बटोरते हैं, जो हर मंच से आदिवासी समाज के लिए लड़ने और “हमेशा खड़े रहने” की बातें करते नहीं थकते आज जब आदिवासी किसान खुलेआम लुट रहे हैं, तब वे नज़र ही नहीं आ रहे। न तो किसी का बयान आया, न ही कोई धरना-प्रदर्शन और न ही कोई ज्ञापन। क्या आदिवासी हित सिर्फ भाषणों तक सीमित रह गए हैं? ऐसे नेताओं की चुप्पी कहीं न कहीं यह सवाल उठाती है कि क्या उनकी प्राथमिकता किसान है या केवल चुनाव?

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!