Homeझाबुआदेशविरोधियों को जवाब देगा, विकास का संदेश नीचे तक ले जाएगा सुघोष...

देशविरोधियों को जवाब देगा, विकास का संदेश नीचे तक ले जाएगा सुघोष अभियान: शर्मा

 

@Voice   ऑफ   झाबुआ

आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में चलाए जाने वाले सुघोष मंडल प्रशिक्षण अभियान-2022 के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को जो काम करना है, जो जिम्मेदारी निभानी है, वह कोई सामान्य काम नहीं है। यह अभियान आगे चलकर देश की राजनीति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान बनाने जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से एकतरफ जहां झूठ और भ्रम फैलाकर देश तोड़ने की साजिश रचने वाले देशविरोधियों को जवाब दिया जाएगा, वहीं हमारी सरकारों की योजनाओं के माध्यम से विकास का संदेश बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा ‘सुघोष मंडल प्रशिक्षण अभियान-2022’ के संबंध में आयोजित कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही।

राजनीतिक दल में तकनीकी क्रांति है सुघोष

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि आज सारी दुनिया तकनीकी के जरिए आगे बढ़ना चाहती है। हमारे प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा,अमित शाह ने अपने काम से यह बताया है कि तकनीकी क्रांति किस तरह की जा सकती है। कोरोना काल में जब लोग एक-दूसरे से मिल नहीं सकते थे, हमने वर्चुअल सभाएं और बैठकें की। हमारी आईटी और सोशल मीडिया की टीम ने इस तकनीकी को अपनाया और हम सभी को इसमें पारंगत बनाया। बूथ डिजिटाइजेशन के काम में हमने सफलतापूर्वक तकनीकी का उपयोग किया। अब हम संगठन एप पर प्रत्येक बूथ की जानकारी प्रदेश कार्यालय में बैठकर देख सकते हैं। हमारी आईटी और सोशल मीडिया की टीम ने तकनीकी के क्षेत्र में पिछड़े कहे जाने वाले मध्यप्रदेश को अग्रणी बना दिया है, जिसके लिए टीम के सभी लोग और पार्टी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। अपने लोगों को और सक्षम बनाने के लिए अब हम ‘सुघोष मंडल प्रशिक्षण अभियान-2022’ शुरू करने जा रहे हैं, जो एक तकनीकी क्रांति साबित होगा।

हमें देशविरोधियों को जवाब देना है

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने देश की सेनाओं को सुसज्जितकर और अधिकार संपन्न बनाकर देश को सुरक्षित बना दिया है। अब कहीं विस्फोट नहीं होते। सीमाएं सुरक्षित हैं, लेकिन देश के अंदर कई ऐसे लोग हैं, जो झूठ और भ्रम फैलाकर देश तोड़ने का एजेंडा चला रहे हैं। लोगों को भड़का रहे हैं। अभी हाल ही में कांग्रेस ने एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें लोग खाद की बोरियां लूट रहे हैं। इसे कांग्रेस खाद की कमी के तौर पर प्रचारित कर रही है, लेकिन वास्तव में कांग्रेस के एक विधायक ने ही दुकान शटर खोलकर लोगों को खाद की बोरियां लूट लेने के लिए कहा था। इन लोगों को हम सोशल मीडिया पर सही तरीके से जवाब दे सकें, इसके लिए हमारे कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण हर स्तर पर आवश्यक है।

हमारी ताकत बनेगा यह अभियान

शर्मा ने कहा कि हमने जब बूथ डिजिटाइजेशन का काम शुरू किया था, तब किसी को यह कल्पना नहीं थी कि 64 हजार बूथ डिजिटल हो जाएंगे। लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने इसे संभव बनाया। अब हम सुघोष अभियान के अंतर्गत सभी 64634 बूथों पर दो-दो नौजवान तैयार करने जा रहे हैं, जो आईटी, सोशल मीडिया के उपयोग में पारंगत होंगे।शर्मा ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हम अपनी सरकार के कामों और योजनाओं को तो बूथ स्तर तक पहुंचा ही पाएंगे, हर बूथ को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी भी बना सकेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की जो भी चाहत और जरूरत है, भाजपा को वहां पहुंचना है। आज सूचना क्रांति के बाद नेटवर्क भी गांव-गांव की मूलभूत जरूरत बन गया है और भाजपा के कार्यकर्ता सोशल नेटवर्क से लोगों को जोड़ेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि हमारा लक्ष्य हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करना है। यह अभियान इस लक्ष्य को हासिल करने में सहायक होगा और हमारी ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दम पर हम आने वाले चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेंगे।

हर बूथ पर डिजिटल सुपर योद्धा तैयार करेगा यह अभियान: रजनीश अग्रवाल

उद्घाटन सत्र में अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं आईटी/सोशल मीडिया के प्रभारी रजनीश अग्रवाल ने कहा कि महाभारत के दौरान पांडव योद्धा नकुल ने जिस तरह ‘सुघोष’ शंख का नाद करके विध्वंसकारी शक्तियों का निवारण किया था, उसी तरह हमारे कार्यकर्ता भी पूरी आक्रामकता के साथ सोशल मीडिया पर सक्रिय विध्वंसकारी ताकतों को जवाब दे सकें, यही इस अभियान का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर दो कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद हमारे पास हर बूथ पर दो डिजिटल सुपर योद्धा उपलब्ध होंगे।
कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, सोशल मीडिया विभाग के संयोजक अभिषेक शर्मा तथा आईटी विभाग के संयोजक अमन शुक्ला मंचासीन थे। कार्यशाला में प्रत्येक जिले के आईटी/सोशल मीडिया संयोजक तथा मंडल प्रशिक्षकों ने भाग लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!