झाबुआ। झाबुआ शहर के कॉलेज मार्ग स्थित सर्किट हाउस के समीप तालाब की पुलिया का आज क्षेत्रीय विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ एवं स्थानीय नागरिकों के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक डॉ. भूरिया को अवगत कराया कि पुलिया की सुरक्षा दीवार में कई स्थानों पर दरारें आ चुकी हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। नागरिकों ने यह भी बताया कि बारिश के दौरान तालाब में जलस्तर बढ़ने पर स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा पुलिया से गुजरने वाले राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा पर खतरा मंडराता है।
विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस समस्या का शीघ्र समाधान कराने तथा पुलिया की आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की जनहानि से बचने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन से मांग की कि पुलिया की क्षतिग्रस्त दीवार का तत्काल तकनीकी परीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।