Homeझाबुआकाम करने की निष्ठा कार्यकर्ताओं को सदैव आगे ले जाती है: मुख्यमंत्री

काम करने की निष्ठा कार्यकर्ताओं को सदैव आगे ले जाती है: मुख्यमंत्री

@Voice   ऑफ   झाबुआ

युवा मोर्चा भविष्य की भारतीय जनता पार्टी है। पार्टी की रीति नीति से युवाओं को जोडने और सरकार की नीतियों को बूथ तक पहुचाने की जिम्मेदारी मोर्चा कार्यकर्ताओं की है। युवा मोर्चा जो ठान लेता है उसे पूरा करता है। मध्यप्रदेश का युवा मोर्चा हर बूथ तक पहुचे और अलग अलग क्षेत्रों के नए युवाओं को पार्टी से जोड़ते हुए विपक्षी दल द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का दृढ़ता से जवाब दें। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को सिवनी के होटल राजवाड़ा परिसर में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा के दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के उदघाटन अवसर पर कही। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने ‘हमारी कार्यपद्धति और संगठनात्मक संरचना में इसका महत्व’ विषय पर सत्र को संबोधित किया।भारतीय जनता युवा मोर्चा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शनिवार को सिवनी में हुआ। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, पार्टी की प्रदेश महामंत्री एवं मोर्चा की प्रदेश प्रभारी सुश्री कविता पाटीदार, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल ने दीप प्रज्जवलित कर प्रशिक्षण वर्ग का उदघाटन किया। अतिथियों ने प्रशिक्षण वर्ग स्थल पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की समसामयिक गतिविधियों, पहल व अभियानों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन व अवलोकन किया। प्रशिक्षण वर्ग के तृतीय सत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ विषय पर पार्टी की प्रदेश महामंत्री और मोर्चा की प्रदेश प्रभारी सुश्री कविता पाटीदार, चतुर्थ सत्र में ‘मोदी सरकार की युवा केंद्रित योजनाओं’ विषय पर प्रदेश शासन के मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया।

समाज के वैचारिक युवाओं को पार्टी से जोड़े मोर्चा: विष्णुदत्त शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने उद्घाटन सत्र में ‘विभाजनकारी ताकतें एवं विमर्श’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की साख पूरे विश्व में बढी है। भारत की इस बढती साख से विभाजनकारी ताकतें परेशान है और वह हर समय देश के ताने बाने को चोट पहंुचाने के प्रयास में लगी रहती है। युवा मोर्चा की जिम्मेदारी है कि ऐसी विघटनकारी ताकतों के मंसूबे पूरे न हो, हमारा सामाजिक ताना बाना मजबूत हो और युवा भ्रमित न हो, इसके लिए दृढता के साथ समाज के बीच जाएं और उन्हें विभाजनकारी ताकतों व संगठनों की हकीकत बताएं। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतें इंटरनेट के माध्यम से सोशल मीडिया पर सामाजिक विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से काम कर रही हैं। युवा मोर्चा समाज के ऐसे वैचारिक युवाओं को जोड़े जो सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हो।

युवा मोर्चा के अभियान सराहनीय और प्रशंसनीय

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ता केवल राजनीति ही नहीं करते बल्कि सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। युवा मोर्चा ने हाल ही में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जो पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन की दिशा में सराहनीय और प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय युवा प्रतिभाएं हमारे परिवार का हिस्सा बनें, ऐसे प्रयास आप सभी को करना चाहिए। युवाओं के हित में क्या नवाचार किए जाएं इस दृष्टि से युवा मोर्चा को कार्ययोजना पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं और युवा वर्ग के हित में लिए गए निर्णय हर बूथ तक पहुंचे, इस बात की चिंता युवा मोर्चा करे।

प्रदेश सरकार विकास, जनकल्याण और सुराज के कीर्तिमान रच रही: चौहान

द्वितीय सत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘मध्यप्रदेश सरकार की युवा केंद्रित योजनाएं एवं युवाओं की भूमिका’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में गरीब कल्याण की दिशा में अनेक कार्य हुए हैं और कई योजनाएं चल रही हैं। मध्यप्रदेश आज विकास की यात्रा पर है। प्रदेश सरकार आज विकास, जनकल्याण और सुराज के अनेक आयामों पर कीर्तिमान रच रही है। प्रदेश सरकार की विकास यात्रा जन-जन तक पहुंचे, इसकी जिम्मेदारी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को निभानी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त और समृद्ध करने की दृष्टि से सरकार कई योजनाओं के माध्यम से युवाओं को लाभान्वित कर रही है। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने स्थान पर इन लाभार्थियों से संपर्क और संबंध स्थापित करना चाहिए।

राष्ट्र की उन्नति और समाज की सेवा ही हम सभी का ध्येय
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मध्यप्रदेश सरकार रोजगार देने के मामले में नंबर वन है। सरकार हर महीने रोजगार दिवस का आयोजन कर बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार दे रही है। इसका प्रचार-प्रसार आप सभी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य यही है कि कार्यकर्ता अपने विचार को जानें, वे अनुशासित हों और उनके व्यक्तित्व का विकास हो। काम करने की निष्ठा कार्यकर्ताओं को सदैव आगे ले जाती है। हमारा एकमात्र लक्ष्य राष्ट्र की उन्नति और समाज सेवा के माध्यम से पं. दीनदयाल उपाध्याय के दिए मंत्र अंत्योदय को साकार करना है। इसी संकल्प की सिद्धि के लिए हम सभी निरंतर कार्य कर रहे हैं। युवा मोर्चा के सभी साथी सरकार और संगठन के काम को हर बूथ तक पहुचाने में अपनी महती भूमिका निभाएं।

प्रशिक्षण के दूसरे दिन वरिष्ठ नेताओं का मिलेगा मार्गदर्शन
दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर रविवार को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश जी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, युवा मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल सहित अन्य नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश भर से युवा मोर्चा के लगभग 250 पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। इनमें प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री शामिल हैं। प्रशिक्षण वर्ग में 11 अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षिणार्थियों को वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!