

@Voice ऑफ झाबुआ @Voice ऑफ झाबुआ
भारतीय जनता युवा मोर्चा के ’हरा भरा मध्यप्रदेश’ अभियान का रविवार को नर्मदापुरम में शुभारंभ हुआ। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल के साथ सभी प्रदेश पदाधिकारियों ने सेठानी घाट पर माँ नर्मदा जी की आरती कर सर्किट हाउस में पौधे रौपे। इस दौरान नर्मदापुरम संभाग की चार विधानसभाओं से आए कार्यकर्ताओं ने नर्मदा महाविद्यालय में पौधे रौपे और ’हरा-भरा मध्यप्रदेश’ अभियान की आकृति स्वरूप मानव श्रंखला बनाकर पौधारोपण का संदेश दिया। पौधारोपण के पश्चात नर्मदा महाविद्यालय के सभागार में विवेकानंद संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें रोहित चहल ने विश्वभर में भारत का मान बढ़ाने वाले स्वामी विवेकानंद जी के कार्यों पर प्रकाश डाला।
वर्चुअली जुड़े प्रदेश अध्यक्ष
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा का आशीर्वाद लेकर युवा मोर्चा इस अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत कर रहा है। आज पूरे प्रदेश के 1070 संगठनात्मक मंडलों में 100-100 पौधे लगाकर शुरुआत की गई है। पहले दिन 1 लाख 7 हजार पौधे रौपे हैं इसके लिए युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता बधाई के पात्र है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वह इस अभियान से जन-जन को जोड़ें और रचनात्मकता के साथ इस अभियान को सफल बनाएं। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत चौहान ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की व आभार प्रदेश मंत्री प्रांशु राणे ने व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष माधवदास अग्रवाल, जिला प्रभारी राकेश जादौन, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अखिलेश खंडेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नीता यादव, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष दीपक महालहा सहित युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, अभियान संचालन समिति के सदस्य एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।
तीन चरणों में होगा पौधारोपण
पहला चरण 11 से 17 सितंबर तक चलेगा। प्रथम चरण का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर वृहद पौधारोपण के साथ होगा। द्वितीय चरण 18 से 25 सितंबर तक चलेगा। द्वितीय चरण का समापन श्रद्धेय पं.दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर वृहद पौधारोपण के साथ होगा। तृतीय चरण 26 से 2 अक्टूबर तक चलेगा। तृतीय चरण और इस अभियान का समापन 2 अक्टूबर को महात्मा गाँधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर वृहद पौधारोपण के साथ होगा।
अभियान से ऐसे जुड़ें इस अभियान से जुड़ने के लिए लोग www.mpbjym.org वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन पूर्ण कर सकते हैं। इसके अलावा 9111003009 पर मिस्ड कॉल या व्हाट्सएप पर मैसेज कर अपना पंजीयन कर सकते हैं।