
मोदी सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ता मध्य प्रदेश के सभी जिलों में विकास तीर्थ बाइक रैली निकालेंगे। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के सफलम 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 5 जून से 15 जून 2022 तक सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण कार्यक्रम के तहत कई आयोजन किए जाएंगे। सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री जी की सर्वहितैषी, लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।पवार ने कहा कि केंद्र सरकार के सफल 8 वर्षों में ऐतिहासिक निर्णय देश हित में लिए गए हैं। इन वर्षों में देश ने जो अप्रतिम कीर्तिमान स्थापित किए, उससे भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है। युवा हो या महिला, किसान हो या गरीब, अनुसूचित जाति हो या जनजाति, बुजुर्ग हो या अल्पसंख्यक, इन 8 सालों में समाज के हर वर्ग को केन्द्र सरकार की योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया है।साथ ही अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति की ओर अग्रसर होते हुए देश विकास के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छूते हुए निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा है।पवार ने कहा कि मध्य प्रदेश के समस्त जिलों में भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा 5 जून से 15 जून तक वृहद ‘विकास तीर्थ’ बाइक रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह रैली जिले के ऐसे स्थलों से निकाली जाएगी जिनका निर्माण सरकार द्वारा किया गया है। इन स्थलों में अस्पताल, राजमार्ग, स्कूल, पावर प्लांट, खेल परिसर आदि शामिल हैं।
जिला स्तर पर होंगे युवा आउटरीच कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि बाइक रैली के अलावा जिला स्तर पर युवा आउटरीच कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत जिले के प्रभावशाली व्यक्तियों एवं विभिन्न क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाले 75 युवाओं तक प्रत्येक जिले में भाजयुमो कार्यकर्ताओं द्वारा संवाद किया जाना सुनिश्चित किया गया है|