

मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गांव की महिलाओं को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पंतायत को समरस विकास के लिए पुरस्कारों की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन और सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न होंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। निर्विरोध सरपंच चुने जाने पर पंचायत को पांच लाख, दूसरी बार ऐसा होने पर सात लाख और अगर किसी पंचायत में पूरी तरह से महिलाएं निर्विरोध चुनी जाती हैं तो उन्हें 15 लाख की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
पंचायतों को आदर्श बनाने के लिए चार कैटेगरी में पुरस्कार दिए जाएंगे। पहला आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर पंचायत का पुरस्कार, दूसरा जल परिपूर्ण पंचायत का पुरस्कार, तीसरा स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित पंचायत का पुरस्कार और महिला एवं बाल हितैषी पंचायत का पुरस्कार दिया जाएगा।