सैयदना साहब के आगमन को लेकर विधायक के सख्त निर्देश, अम्बुआ-जोबट में तैयारियां तेज
सुनील तोमर
आम्बुआ / जोबट / आलीराजपुर
सैयदना साहब के प्रस्तावित आगमन को लेकर आम्बुआ और जोबट क्षेत्र में तैयारियां तेज़ी से जारी हैं। इसी क्रम में दोनों स्थानों पर बोहरा समाज की मस्जिदों में महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक सेना महेश पटेल ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आम्बुआ में आयोजित बैठक के दौरान विधायक ने बिजली, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। वहीं जोबट में भी मस्जिद पहुंचकर उन्होंने तैयारियों की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारी से फोन पर चर्चा कर कार्यक्रम के दौरान लगातार तीन दिनों तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सैयदना साहब के आगमन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि दोनों क्षेत्रों में पूरी सतर्कता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
सैयदना साहब के आगमन को लेकर आम्बुआ और जोबट सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।