रिपोर्टर सुनील खोडे
————————-
पेटलावद। समाज सेवा और सनातन संस्कारों की भावना से कार्यरत सेवा भारती झाबुआ प्रकल्प, पेटलावद द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ब्यूटी पार्लर, सिलाई एवं मेहंदी प्रशिक्षण का नया सत्र 15 मार्च (रविवार) से प्रारंभ किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सेवा भारती कार्यालय, भगवान बिरसा मुंडा प्रतिमा के पीछे, नगर परिषद कॉम्प्लेक्स, पेटलावद में आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओपी अनुरक्ती सबनानी उपस्थित रहेंगी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुकुल एकेडमी के हर्षिता चौहान करेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे। सेवा भारती द्वारा यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की दिशा में आगे बढ़ाना है, ताकि वे अपने कौशल के माध्यम से परिवार और समाज के विकास में योगदान दे सकें। संस्था के अनुसार पिछले प्रशिक्षण सत्र में लगभग 80 महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिन्हें कार्यक्रम के दौरान प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया जाएगा। इससे महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। सेवा भारती झाबुआ प्रकल्प, पेटलावद समिति ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे इस महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन के अभियान से अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को जोड़ें और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें।.संस्था द्वारा जानकारी दी गई है कि महिलाओं के लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक महिलाएं प्रशिक्षण केंद्र पर जाकर अपना पंजीयन करा सकती हैं और इस प्रशिक्षण का लाभ उठा सकती हैं।