दिलीप सिंह भूरिया आलीराजपुर ब्यूरो चीफ
ग्राम आमखुंट
होली के पावन पर्व पर आदिवासी परिवार मजदूर संगठन द्वारा ग्राम आमखुंट में एक भव्य रैली और उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और ग्रामीणजन उत्साह के साथ शामिल हुए। ढोल-मांदल और रंग-गुलाल के साथ पूरे गांव में उत्सव का माहौल देखने को मिला। रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष राजू मेहड़ा और प्रदेश उपाध्यक्ष गिनू मेहड़ा ने किया। रैली गांव के मुख्य मार्गों से होकर निकली, जहां लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आदिवासी परंपराओं के साथ नृत्य व गीत प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। सभी कार्यकर्ताओं और युवाओं से समाज के विकास और अधिकारों के लिए संगठित होकर काम करने का आह्वान किया गया। इस कार्यक्रम में संगठन के कई कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर होली के इस त्योहार को हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया।