Homeझाबुआबाइक सवार को बचाने में केमिकल टैंकर पलटा, हाईवे पर अफरा-तफरी ...

बाइक सवार को बचाने में केमिकल टैंकर पलटा, हाईवे पर अफरा-तफरी झाबुआ–पिटोल के बीच हादसा, रिसाव हो रहा तरल भरकर ले गए ग्रामीण | डेढ़ किमी लंबा जाम

विनय पंचाल, पिटोल। बैतूल–अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। झाबुआ और पिटोल के बीच पिटोल से करीब चार किलोमीटर दूर बाइक सवार को बचाने के प्रयास में केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और दो हिस्सों में टूटकर बीच सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से तरल पदार्थ का रिसाव होने लगा, जिसे लेने के लिए ग्रामीणों में होड़ मच गई। घटना के कारण हाईवे पर करीब एक से डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर क्रमांक GJ-12 BV-8615 गुजरात के गांधीधाम से मेघनगर स्थित एक केमिकल फैक्ट्री की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। टैंकर सड़क किनारे बने डिवाइडर पर चढ़ गया और असंतुलित होकर पलट गया, जिससे उसमें भरा तरल पदार्थ सड़क पर फैल गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से रिसाव होते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला, पुरुष और बच्चे बर्तन लेकर पहुंचे और टैंकर से निकल रहे तरल पदार्थ को भरकर ले जाने लगे। हादसे में घायल टैंकर चालक अजीत कुमार (पिता ब्रजेश कुमार, निवासी उत्तर प्रदेश) ने बताया कि टैंकर में डीजल नहीं बल्कि केमिकल भरा हुआ था। चालक तथा साथ चल रहे कंपनी के अन्य टैंकर चालकों ने ग्रामीणों को तरल पदार्थ के खतरनाक होने की जानकारी देकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने और पुलिस के पहुंचने तक पदार्थ ले जाते रहे।

टैंकर के बीच सड़क पलटने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी प्रभारी अशोक बघेल ने प्रधान रक्षक दिलीप डावर, आरक्षक अशरफ खान और आरक्षक अजीत को मौके पर भेजा। पुलिस ने ग्रामीणों को घटनास्थल से हटाकर यातायात को एक तरफ से डायवर्ट किया और स्थिति को नियंत्रित कर आवागमन सुचारु कराया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!