झाबुआ। झाबुआ विधायक एवं आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा है कि वे आदिवासी समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य करते रहेंगे और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने यह बात एक प्रेस नोट जारी कर कही।
डॉ. भूरिया ने बताया कि वे स्वयं आदिवासी परिवार से आते हैं और देश के विभिन्न आदिवासी क्षेत्रों का दौरा करते रहते हैं, जिससे उन्हें समाज की वास्तविक स्थिति का अच्छा ज्ञान है। उन्होंने कहा कि वे जहां भी जाते हैं, वहां आदिवासियों के अधिकार, विकास और सामाजिक सुधार की बात करते हैं।
उन्होंने 14 फरवरी 2026 को झाबुआ में आयोजित सामाजिक सभा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान समाज हित में कही गई कुछ बातों से कुछ लोगों को आपत्ति हुई है। हालांकि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना या अपमान करना नहीं था। यदि उनकी बातों से किसी को दुख पहुंचा हो तो वे इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
डॉ. भूरिया ने कहा कि वर्तमान में आदिवासी समाज दहेज प्रथा, शराब सेवन और अत्यधिक डीजे जैसी कई सामाजिक बुराइयों से प्रभावित है, जिन्हें दूर करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन कुरीतियों का फायदा बाहरी लोग उठा रहे हैं, इसलिए समाज को मिलकर इनके खिलाफ कदम उठाने होंगे।
उन्होंने शिक्षा को सामाजिक प्रगति की कुंजी बताते हुए कहा कि जब तक समाज दहेज, शराब, डीजे और अन्य कुरीतियों का विरोध और बहिष्कार नहीं करेगा, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से जागरूक होकर सुधार की दिशा में आगे आने की अपील की।