अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
अलीराजपुर। अलीराजपुर जिले की जोबट विधायक सेना महेश पटेल का जन्मदिन इस वर्ष पूरे जिले में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनउत्सव के रूप में मनाया गया। बुधवार को पटेल पब्लिक स्कूल ग्राउंड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलेभर के हजारों समर्थक पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और 100 से अधिक ढोल-मांदल की गूंज ने पूरे वातावरण को भगोरिया महापर्व के रंग में रंग दिया। सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा और लोग देर शाम तक नाचते-गाते रहे। आलीराजपुर, जोबट और आसपास के ग्रामीण, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बने। ढोल-मांदल की थाप पर पारंपरिक नृत्य और उत्साह देखने लायक था, हर चेहरे पर खुशी और उमंग साफ झलक रही थी।

उत्सव के दौरान कई समर्थक और कार्यकर्ता आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल और युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल को कंधे पर बैठाकर पारंपरिक नृत्य कराते नजर आए, जिससे कार्यक्रम में और भी जीवंतता और उल्लास देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा, “विधायक के जन्मदिन के साथ ही अलीराजपुर जिले में लोक संस्कृति के महापर्व भगोरिया की शुरुआत हो गई है, जो आगामी 25 दिनों तक पूरे जिले में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।”

इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने कहा,
“आज जन्मदिन के अवसर पर जिस आत्मीयता, प्रेम और पारंपरिक उत्साह के साथ क्षेत्र की जनता ने आशीर्वाद दिया है, उसके लिए हम हृदय से आभारी हैं। यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे जोबट और अलीराजपुर जिले की आदिवासी संस्कृति और आपसी एकजुटता का सम्मान है। हम क्षेत्र की सुख-समृद्धि, विकास और जनसेवा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।”
आदिवासी विकास परिषद, प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने कहा,
“इस अवसर पर जब मैं क्षेत्रवासियों की हृदय से मिली आशीर्वाद और उत्साह को देखता हूँ, तो मन गर्व और खुशी से भर जाता है। यह जन्मोत्सव हमारी आदिवासी संस्कृति, एकजुटता और पारंपरिक उत्सवों का प्रतीक है। हम हमेशा क्षेत्र की सेवा और विकास के लिए समर्पित रहेंगे।” सामाजिक पहल: जन्मोत्सव के बीच दोनों नेताओं ने कुंड आश्रम के मूक-बधिर बच्चों को कपड़े वितरित किए। बच्चों के चेहरे पर खुशी और मुस्कान देखते ही बन रही थी। विधायक सेना महेश पटेल ने कहा, “समाज के प्रत्येक सदस्य की देखभाल करना हमारा कर्तव्य है। इन बच्चों की खुशियाँ ही हमारी असली सफलता है।” महेश पटेल (आदिवासी विकास परिषद) ने कहा, “हम हमेशा प्रयास करेंगे कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को हर संभव सहायता और सम्मान मिले। यह सेवा का अवसर हमें गर्व देता है।” विधायक ने सभी का प्यार, सम्मान और आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद किया और कहा, “इस आशीर्वाद का मैं हमेशा कर्जदार रहूँगा।”