दिलीप सिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
आलीराजपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोंडवा ब्लॉक में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक से पूर्व सभी कार्यकर्ताओं ने प्रसिद्ध काजल रानी माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर समीक्षा बैठक में शामिल हुए, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष के रिक्त पद पर शीघ्र नियुक्ति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिले में जिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद लंबे समय से खाली पड़ा है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों में अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में मांग रखी कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी जल्द निर्णय लेकर जिला अध्यक्ष की नियुक्ति करे, ताकि संगठन को नई दिशा, नेतृत्व और ऊर्जा मिल सके। जिले में कई मजबूत और अनुभवी दावेदार मौजूद हैं, जिनमें दिलीप पटेल, कैलाश चौहान, राजेंद्र टवली, साहनी मकरानी सहित अन्य नाम शामिल हैं, जिन्हें जिम्मेदारी देकर पार्टी को और मजबूती दी जा सकती है। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने कहा कि इस महत्वपूर्ण पद पर शीघ्र नियुक्ति होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “जल, जंगल, जमीन” की लड़ाई को मजबूती से उठाने, जनहित के मुद्दों पर प्रभावी आवाज बुलंद करने और आगामी पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी है। संगठन सशक्त रहेगा तो अधिक से अधिक जिला पंचायत, जनपद सदस्य और सरपंच कांग्रेस विचारधारा से चुने जाएंगे।

बैठक में कांग्रेस नेता भाया भाई, उत्तम भाई मुंडला, जितेंद्र मोरी, धनसिंह, राजू चौहान, सरपंच झमराला, चीतल पवार, धीरेंद्र सरपंच आचपाई सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही कई जनपद सदस्य एवं पूर्व सरपंच भी बैठक में मौजूद रहे। सभी ने एकजुटता के साथ संगठन सुदृढ़ीकरण का संकल्प लिया और कांग्रेस विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का निर्णय किया।