दिलीप सिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
आलीराजपुर। स्वर्गीय वेस्ता जी पटेल की स्मृति में पटेल क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में दो दिवसीय जूनियर लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का आयोजन आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश जी पटेल के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें जिले की तीन प्रतिभाशाली टीमों—पटेल क्रिकेट क्लब, स्वामी विवेकानंद एवं केंद्रीय विद्यालय—ने भाग लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला स्वामी विवेकानंद और केंद्रीय विद्यालय की टीमों के बीच खेला गया। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए स्वामी विवेकानंद की टीम ने निर्धारित ओवरों में 168 रन बनाए। टीम की ओर से विनय डावर ने शानदार 41 रन और कार्तिक बमानिया ने 34 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। केंद्रीय विद्यालय की ओर से मयंक और भव्य ने 2-2 विकेट लेकर सराहनीय प्रदर्शन किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केंद्रीय विद्यालय की टीम 129 रन ही बना सकी। टीम की ओर से पार्थ चीकू ने 34 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली। स्वामी विवेकानंद की ओर से साशंक ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और उन्हें फाइनल मुकाबले का मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस तरह स्वामी विवेकानंद की टीम ने 39 रनों से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

टूर्नामेंट के व्यक्तिगत पुरस्कारों में सर्वाधिक विकेट लेने पर मयंक चौहान को बेस्ट बॉलर, सर्वाधिक रन बनाने पर पार्थ चीकू को बेस्ट बल्लेबाज, जबकि हरफनमौला प्रदर्शन के लिए कार्तिक बमानिया को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले पटेल क्रिकेट ग्राउंड के टर्फ विकेट पर खेले गए। समापन समारोह में सभी खिलाड़ियों को मेडल तथा विजेता टीमों को पुरस्कार आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल द्वारा वितरित किए गए। इस सफल आयोजन का प्रबंधन प्रेम माली, सतेंद्र सिंह बेस एवं मोईन ख़ान द्वारा किया गया, जिनके प्रयासों की खेलप्रेमियों ने सराहना की।