दिलीपसिंह भूरिया अलीराजपुर ब्यूरो चीफ
जोबट। पी.एम. श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जोबट में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का रविवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। समापन अवसर पर जोबट विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक माननीय सेना महेश पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय परिसर में विधायक का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। तीन दिनों तक चले इस वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की नृत्य, नाटक, गीत, भाषण एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ प्रोजेक्ट प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विधायक सेना महेश पटेल ने बच्चों की रचनात्मक सोच, नवाचार एवं प्रस्तुति कौशल की खुले मंच से सराहना की तथा व्यक्तिगत रूप से बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कार भी प्रदान किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने विद्यालय के शैक्षणिक अनुशासन, अनुसंधानात्मक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के समग्र रिपोर्ट कार्ड की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और इससे बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं मंच कौशल विकसित होता है।

परीक्षा की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए विधायक ने कहा कि परीक्षा का समय नजदीक है, यह रिवीजन का समय है। प्रत्येक विद्यार्थी को कम से कम दो बार पूरे पाठ्यक्रम का पुनरावलोकन करना चाहिए। केवल रटने की बजाय विषयों को समझकर अध्ययन करें और लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करें, तो निश्चित रूप से बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।

उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में बेटियाँ अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और समाज को आगे ले जाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों द्वारा रखी गई मांगों पर विधायक ने आश्वस्त किया कि सभी जायज मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान कराया जाएगा और विद्यालय को जर्जर स्थिति में नहीं रहने दिया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने विद्यालय में छात्राओं की पेयजल सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाटर कूलर स्थापना हेतु विधायक निधि से ₹51,000 की घोषणा की। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अपने स्तर से पुरस्कार एवं प्रोत्साहन देकर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा विधायक को विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात विधायक सेना महेश पटेल भारत की चौकी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोबट के एकीकृत बालक विद्यालय के कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से विधायक सेना महेश पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में। एस जोबट ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद (बबलू )डावर वरिष्ठ कांग्रेस नेताआराम पटेल, सरदार अजनार, मोनू बाबा सोनू वर्मा ,लक्की राठौर, संजय फ़िलोमन , बेरसिंह पटेल, संजय डावर सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।