बालुसिंह बारिया
राजगढ़। मध्य प्रदेश शासन द्वारा पुलिस विभाग के माध्यम से ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है जिस को लेकर राजगढ़ पुलिस द्वारा नुक्कड नाटक का आयोजन किया पुलिस विभाग के नेतृत्व में मॉडल स्कूल सरदारपुर के बच्चों ने ‘मत छीनो बचपन हमारा’ विषय पर एक मार्मिक नुक्कड़ नाटक का सफल मंचन किया। व नया सवेरा टीम के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि कैसे बालिकाओं को पड़ोसी और रिश्तेदारों से भी खतरा हो सकता है और कैसे पार्क जैसी सार्वजनिक जगहों पर भी अनजान व्यक्ति बच्चों का फायदा उठा सकते हैं। नाटक ने यह चौंकाने वाली सच्चाई सामने रखी कि आज बच्चे न तो घर पर पूरी तरह सुरक्षित हैं और न ही बाहर। नाटक का एक महत्वपूर्ण बिंदु यह था कि बच्चों को सेल्फ-डिफेंस सिखाया जाना चाहिए और उन्हें अपने साथ हो रहे किसी भी गलत बर्ताव की जानकारी तुरंत अभिभावक या शिक्षक को देनी चाहिए।

ऑपरेशन मुस्कान’ पर प्रकाश डालते हुए
कार्यक्रम में एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस का प्रयास है कि हमारे बच्चे, खासकर बालिकाएं, सुरक्षित और खुश रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि बालिकाओं को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले या उन्हें परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के साथ गलत कृत्य करने वालों के लिए 20 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
बच्चों का रखें ख्याल
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष के कई बच्चे अक्सर बहकावे में आकर भाग जाते हैं, लेकिन पुलिस ऐसे बच्चों को खोजकर उनके परिवार से पुनर्मिलन कराती है। पुलिस के साथ ही अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे जन्म से ही बच्चों को उनके अच्छे-बुरे के बारे में बताएं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखें और उनका पूरा ख्याल रखें ताकि वे किसी असामाजिक तत्व के संपर्क में न आएं।कार्यक्रम के शुभारंभ में शिक्षिका प्रतिभा सिंह राजावत ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा संचालन दीपक जैन ने किया।