कट्ठीवाडा/संपत धाकड़
दिनांक 22.05.2025 को थाना कटिठवाड़ा क्षेत्रांतर्गत ग्राम अंधारझिरी में 80 वर्षीय वृद्ध देवेन्द्र बाबा पिता भाया बामनिया की उनके निवास पर अज्ञात परिस्थिति में हुई हत्या की सूचना प्राप्त होने पर, थाना प्रभारी कटिठवाड़ा निरीक्षक श्री सरदार सिंह सोलंकी एवं अधीनस्थ पुलिस बल द्वारा त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करते हुए महज दो घंटे की अवधि में अज्ञात हत्या की इस गुत्थी का खुलासा कर अज्ञात आरोपी को गिरफ़्तार किया गया।
दिनांक 22.05.2025 ग्राम अंधारझिरी निवासी शैलेष पिता रामजी तोमर द्वारा थाना कटिठवाड़ा पर उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह एवं अन्य ग्रामीण एक सामाजिक कार्यक्रम के सिलसिले में ग्राम भ्रमण कर रहे थे। इस दौरान जब वे मृतक देवेन्द्र के घर घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि देवेन्द्र बाबा खाट के नीचे खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े हैं तथा उनके सिर से रक्तस्राव हो रहा है। तत्संबंधी सूचना सरपंच श्री अशोक को दी गई, जिनके साथ फरियादी तत्काल थाना कटिठवाड़ा पहुंचा। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर पाया गया कि मृतक की मृत्यु सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई है। प्रथम दृष्टया यह घटना हत्या प्रतीत होने पर थाना कटिठवाड़ा में अपराध क्रमांक 47/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए मृतक के परिजनों से सूक्ष्मता से पूछताछ की गई, जिसमें ग्राम अंधारझिरी निवासी वेस्तिया पिता नायका भीलाला संदिग्ध पाया गया। वह घटना के पश्चात से घर से लापता था। आरोपी की तत्परता से तलाश कर उसे ग्राम स्थित शासकीय विद्यालय के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी वेस्तिया ने बताया कि मृतक उसकी माता के फूफाजी थे, जो संतानहीन होने के कारण मृतक देवेन्द्र के घर पर आरोपी वेस्तीया व उसकी पत्नि रहते थे। घटना वाले दिन आरोपी द्वारा घर की छत पर मरम्मत हेतु कवेलू हटाए गए थे। इसी बीच पत्नी से विवाद होने पर वह मायके चली गई, और कवेलू पुनः व्यवस्थित नहीं किए गए। इस बात पर मृतक द्वारा टोकाटाकी करने एवं 2-3 दिनों से घर पर नहीं आने की बात पर से दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हाथापाई में परिवर्तित हो गया। इसी दौरान आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से मृतक के सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी तथा मौके से फरार हो गया।
पुलिस द्वारा आरोपी को अभिरक्षा में लेकर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में विधिसम्मत विवेचना जारी है।