मनीष अरोडा
अलीराजपुर संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी महिला बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी सुश्री प्रियांशी भंवर ने बताया की सम्पूर्ण प्रदेश में दिनांक 02 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2024 तक महिला एवं बालिका सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरुकता लाने के उद्देश्य से शक्ति अभिनंदन अभियान आयोजित किया जाना है। इस अभियान का शुभारंभ कलेक्टर ऑडिटोरियम में किया गया। इस 10 दिवसीय अभियान का शुभारंभ विचार संगोष्ठी आयोजित करके किया गया। संगोष्ठी में महिला सशक्तिकरण पर गांधी जी के विचार विषय पर चर्चा की गई। महिलाओं ने अपने विचार रखते हुए जीवन में आत्मनिर्भर बनने एवं सीखो और कमाओ जैसी गांधी जी की अवधारणा के बारे में चर्चा की। इस अभियान के दौरान जिले में जिला, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर महिलाओं को जागरूक बनाने एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम का समापन 11 अक्टूबर को शक्ति संवाद के रूप में किया जाएगा।