रिंगनोद:- (योगेश गवरी) भगवान भोलेनाथ की आराधना का पर्व श्रावण मास जो कि इस वर्ष 22 जुलाई 2024 सोमवार से प्रारंभ हो रहा है एवं 19 अगस्त सोमवार को समापन हो रहा है इसलिए इस बार 22 ,29 जुलाई तथा 5, 12, 19 अगस्त को प्रारंभ एवं समापन पर सोमवार होने से पांच श्रावण सोमवार आ रहे हैं।
श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की भक्ति का परवान हर तरफ सिर चढ़कर बोलने लगता है। “एक लोटा जल, सारी समस्या का हल ” के तहत भक्तजन भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करके भक्ति में लीन हो जाते हैं। शिवालयो में रंगाई, पुताई के साथ साथ -सज्जा की जा रही है ।
रिंगनोद के गुमानपुरा रोड पर नदी किनारे स्थित श्री मनकामनेश्वर महादेव मंदिर, सदर बाजार में शिव शक्ति अंबिका मंदिर, राठौर समाज मंदिर, योग माया मंदिर, सरकारी मंदिर आदि स्थानों पर प्रत्येक सोमवार को दिन भर पूजा अर्चना का क्रम जारी रहता है एवं संध्या आरती में सैकड़ो की तादाद में भक्तजन उपस्थित रहते हैं।
श्रावण मास अंतर्गत इस वर्ष श्री शिव शक्ति अंबिका मंदिर पर विशेष अनुष्ठान अंतर्गत हजारों कि संख्या में,अभिमंत्रित रुद्राक्ष वितरण कार्यक्रम अल्प शुल्क में रखा गया है। जिसमें पांचो श्रावण सोमवारों को विभिन्न यजमान परिवारो द्वारा मंदिर में सुबह 11 बजे से भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर विभिन्न सामग्री द्वारा अभिषेक करके रुद्राक्ष को अभिमंत्रित करके 19 अगस्त को संध्या आरती के पश्चात वितरण किया जाएगा। 12 अगस्त को सहस्त्र धारा जलाभिषेक का आयोजन में रखा गया है जो की क्षेत्र के प्रसिद्ध पंडित गिरिराज व्यास के आचार्यत्व में संपूर्ण धार्मिक कार्य आयोजित होंगे। उक्त जानकारी शिव शक्ति महादेव मंदिर के वरिष्ठ सदस्य गौरीशंकर पटेल द्वारा दी गई।