वॉइस ऑफ झाबुआ
—————————————-
रानापुर। बीती रात को झाबुआ जिले के राणापुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना घटी जब कुछ बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम देने वार्ड क्रमांक 14 के तड़वी फलिया में पहुंचे। चोरों ने चोरी के दौरान जमकर पत्थरबाजी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
रात के सन्नाटे में पत्थरबाजी और शोर-शराबे की आवाजें सुनकर ग्रामीण जाग गए और उन्होंने स्थिति को संभालने के लिए कार्रवाई की। ग्रामीणों के सतर्क होने के बाद, चोरों की गैंग ने अपनी सुरक्षा के लिए फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान, चोरों की गैंग का ही एक सदस्य गोली का शिकार हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही राणापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि तड़वी फलिया में ऐसी घटना पहली बार हुई है, जिससे सभी लोग स्तब्ध हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों की गैंग पेशेवर थी और संभवतः अन्य जगहों पर भी वारदातों को अंजाम दे चुकी है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस घटना के बाद से राणापुर नगर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और इलाके में चौकसी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और आशा जताई कि जल्द ही सभी आरोपी पकड़े जाएंगे।